पीएसजी और एटलेटिको मैड्रिड चैंपियंस लीग के सेमीफाइनल में, बार्सिलोना बाहर

Ads

पीएसजी और एटलेटिको मैड्रिड चैंपियंस लीग के सेमीफाइनल में, बार्सिलोना बाहर

  •  
  • Publish Date - April 15, 2026 / 10:02 AM IST,
    Updated On - April 15, 2026 / 10:02 AM IST

मैड्रिड, 15 अप्रैल (एपी) बार्सिलोना दूसरे चरण में जीत के बावजूद क्वार्टर फाइनल में एटलेटिको मैड्रिड से कुल स्कोर में 3-2 से हारने के कारण चैंपियंस लीग फुटबाल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने में नाकाम रहा।

एटलेटिको मैड्रिड ने क्वार्टर फाइनल के पहले चरण का मैच 2-0 से जीता था जो आखिर में निर्णायक साबित हुआ। बार्सिलोना ने दूसरे चरण का मैच 2-1 से जीता लेकिन यह आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त नहीं था।

इस बीच मौजूदा चैंपियन पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) ने लिवरपूल को 4-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और इस तरह से अपने खिताब का बचाव करने की तरफ कदम बढ़ाए। पीएसजी ने क्वार्टर फाइनल के पहले चरण के मैच की तरह दूसरे चरण के मैच में भी 2-0 से जीत हासिल की।

बार्सिलोना के शुरुआती हमलों के बावजूद एटलेटिको मैड्रिड की टीम ने डटकर मुकाबला किया और लगभग एक दशक में पहली बार चैंपियंस लीग के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। उसने इससे पहले 2017 में इस प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।

बार्सिलोना ने पहले 24 मिनट में दो गोल करके स्कोर बराबर कर दिया था। उसकी तरफ से लामिन यामल और फेरान टोरेस ने गोल दागे। एटलेटिको मैड्रिड ने पहले ही हाफ में अडेमोला लुकमैन के गोल से वापसी की।

बार्सिलोना को 79वें मिनट के बाद 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा क्योंकि डिफेंडर एरिक गार्सिया को लाल कार्ड दिखाया गया था।

उधर लिवरपूल में खेले गए क्वार्टर फाइनल के एक अन्य मैच में पीएसजी ने ओस्मान डेम्बेले के दूसरे हाफ में किए गए दो गोल की मदद से 4-0 की कुल जीत सुनिश्चित की।

डेम्बेले के पहले गोल ने लिवरपूल की उम्मीदों पर पानी फेर दिया, क्योंकि प्रीमियर लीग का यह क्लब चैंपियंस लीग में एक और यादगार वापसी की तलाश में था।

बैलोन डीओर विजेता डेम्बले ने गोलकीपर जियोर्गी मामारदाश्विली को छकाते हुए बाएं पैर से शानदार शॉट लगाया जिससे घरेलू दर्शक सन्न रह गए। उन्होंने दूसरा गोल स्टॉपेज टाइम में किया।

एपी

पंत

पंत