बुडापेस्ट, 31 मई (एपी) पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) ने एक रोमांचक फाइनल में पेनल्टी शूटआउट में आर्सेनल को हराकर लगातार दूसरी बार चैंपियंस लीग फुटबाल टूर्नामेंट का खिताब जीता।
बुडापेस्ट में शनिवार को खेले गए फाइनल में अतिरिक्त समय के बाद स्कोर 1-1 से बराबर था जिसके बाद पीएसजी ने पेनल्टी शूटआउट में आर्सेनल को 4-3 से हराकर लगातार दूसरी बार यूरोपीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
पीएसजी के कप्तान मार्किनहोस ने कहा, ‘‘यह अविश्वसनीय है। कोच ने इस सत्र के शुरू में ही कहा था कि लगातार दूसरी बार चैंपियन बनना आसान नहीं है और इसके लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। हमने वास्तव में इसके लिए बेहद कड़ी मेहनत की।’’
आर्सेनल के डिफेंडर गैब्रियल मैगाल्हेस ने अपनी टीम की आखिरी पेनल्टी को गोलपोस्ट के ऊपर मार दिया, जिससे पीएसजी को शूटआउट में जीत मिल गई।
फ्रांस की यह दिग्गज टीम इस प्रतियोगिता में सर्वाधिक बार की चैंपियन रियाल मैड्रिड के बाद आधुनिक युग में ट्रॉफी बरकरार रखने वाली केवल दूसरी टीम है।
लुई एनरिक ने कोच के तौर पर तीसरी बार खिताब जीता है। उन्होंने एक ऐसी टीम तैयार की है जिसे हराना महाद्वीप की सर्वश्रेष्ठ टीमों के लिए भी काफी मुश्किल है। इसमें आर्सेनल की टीम भी शामिल है जिसने पिछले हफ्ते प्रीमियर लीग जीती और चैंपियंस लीग के पहले चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए पीएसजी से 10 अंक और 10 स्थान आगे रहकर शीर्ष स्थान हासिल किया था।
पुस्कास स्टेडियम में इसका हालांकि कोई खास महत्व नहीं था क्योंकि पीएसजी ने यूरोपीय फुटबॉल में एक मजबूत टीम के रूप में खुद को स्थापित कर दिया।
एनरिक ने कहा, ‘‘यह खिताब इसलिए भी विशेष था क्योंकि हमें मैच से पहले ही पता था कि इसे जीतना कितना मुश्किल होगा। मुझे लगता है कि हमने पूरे सत्र में जिस तरह का प्रदर्शन किया उससे हम इसके पूरे हकदार थे। भले ही फाइनल बेहद करीबी था।’’
पीएसजी ने पिछले साल के फाइनल में इंटर मिलान को 5-0 से हराया था। आर्सेनल के खिलाफ उसने छठे मिनट में काई हावर्ट्ज़ के गोल से पिछड़ने के बावजूद दबदबा बनाए रखा। पीएसजी ने 65वें मिनट में ओस्मान डेम्बेले के पेनल्टी पर किए गए गोल से बराबरी की। इसके बाद 10 साल में पहली बार फाइनल मैच अतिरिक्त समय में पहुंचा।
एपी
पंत
पंत