रघुवंशी और रिंकू ने केकेआर को चार विकेट पर 192 रन तक पहुंचाया

Ads

रघुवंशी और रिंकू ने केकेआर को चार विकेट पर 192 रन तक पहुंचाया

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 10:52 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 10:52 PM IST

रायपुर, 13 मई (भाषा) कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने अंगकृष रघुवंशी (71 रन) की करियर की सर्वश्रेष्ठ अर्धशतकीय पारी और रिंकू सिंह के नाबाद 49 रन की मदद से बुधवार को यहां बारिश के कारण देर से शुरू हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ चार विकेट पर 192 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

केकेआर के विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष ने 46 गेंद की पारी के दौरान तीन छक्के और सात चौके लगाए। इस दौरान उन्होंने अहम साझेदारियां भी कीं जिससे टीम को जरूरी गति मिली जो उनके सलामी बल्लेबाज देने में नाकाम रहे थे।

गीली आउटफील्ड के कारण मैच सवा घंटे देर से शुरू हुआ। आरसीबी ने पिच से मदद की उम्मीद में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लेकिन यहां खेले गए पिछले मैच के मुकाबले इस बार तेज गेंदबाजों को कोई खास मदद नहीं मिली जिसमें नयी गेंद ने काफी प्रभाव डाला था।

केकेआर के कप्तान अंजिक्य रहाणे (19 रन) ने पहले ओवर में भुवनेश्वर कुमार की पांच डॉट गेंदों के बाद एक चौका लगाया। इसके बाद दूसरे ओवर में फिन एलन (18) ने जैकब डफी की गेंद पर 14 रन ठोक दिए।

लेकिन आरसीबी ने जोरदार वापसी की। भुवनेश्वर ने एलन को विकेट के पीछे कैच करवाया। कुछ ही देर बाद चौथे ओवर में जोश हेजलवुड ने रहाणे को बाउंसर पर आउट कर दिया।

इससे ठीक पहले केकेआर के कप्तान ने डफी की गेंद पर एक छक्का और एक चौका लगाकर चौथे ओवर में कुल 17 रन बटोरे थे।

पावरप्ले के बाद केकेआर का स्कोर दो विकेट पर 56 रन था। रघुवंशी ने तीसरे विकेट के लिए कैमरन ग्रीन (32) के साथ 68 रन की अहम साझेदारी की। इसके बाद उन्होंने चौथे विकेट के लिए रिंकू सिंह (29 गेंद, तीन चौके, दो छक्के) के साथ 76 रन जोड़े जिससे टीम प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही।

21 वर्षीय रघुवंशी ने इस सत्र का अपना चौथा अर्धशतक जमाया। यह आईपीएल में अब तक उनका सर्वश्रेष्ठ सत्र रहा है जिसमें उन्होंने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया है।

उन्होंने अपनी पारी की शुरुआत वाइड लांग ऑन के ऊपर एक जोरदार छक्के के साथ की। इसके बाद अपनी दोनों साझेदारियों के दौरान वह बीच-बीच में चौके-छक्के लगाते रहे।

उन्होंने ऑफ-साइड पर कुछ शानदार कट शॉट्स खेले। लेकिन उनकी पारी की मुख्य आकर्षण डफी की गेंद पर मिड-विकेट की तरफ एक चौका मारना और कृणाल पंड्या की गेंद पर बाउंड्री के पार एक जबरदस्त छक्का लगाना।

इसके अलावा रसिख सलाम की एक धीमी गेंद पर उन्होंने अंपायर के सिर के ऊपर से एक जोरदार शॉट भी लगाया। रघुवंशी पारी की अंतिम गेंद पर रन आउट हुए।

केकेआर के लिए ग्रीन ने 24 गेंद में 32 रन बनाकर योगदान दिया जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल था।

वहीं रिंकू अपने अर्धशतक से महज एक रन से चूक गए। इस भारतीय बल्लेबाज ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी। उन्होंने पिछले चार मैचों में दो नाबाद अर्धशतक बनाए हैं।

भाषा नमिता

नमिता