राहुल गांधी कन्नूर में वॉलीबॉल के महान खिलाड़ी जिमी जॉर्ज के परिवार से मिले
राहुल गांधी कन्नूर में वॉलीबॉल के महान खिलाड़ी जिमी जॉर्ज के परिवार से मिले
कन्नूर (केरल), 28 फरवरी (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर महान भारतीय वॉलीबॉल खिलाड़ी जिमी जॉर्ज के परिवार से मिलने का एक वीडियो साझा किया।
गांधी गुरुवार को यहां पेरावूर के थुंडिल में किसानों के एक सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे, तब उन्होंने परिवार से मुलाकात की। जॉर्ज ने भारतीय वॉलीबॉल टीम की कप्तानी की थी।
अर्जुन पुरस्कार हासिल कर चुके जॉर्ज का 1987 में 32 साल की उम्र में देहांत हो गया थी। वह भारत के बाहर इटली सहित कई पेशेवर क्लबों के लिए खेले थे।
वीडियो में गांधी थुंडिल में जॉर्ज के घर और उससे जुड़े म्यूजियम में जाते हुए दिख रहे हैं। उन्होंने जॉर्ज के भाइयों से भी मुलाकात की जो खुद वॉलीबॉल खिलाड़ी रहे।
विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप पदक विजेता और जिमी जॉर्ज की भाभी अंजू बॉबी जॉर्ज भी इस दौरे के दौरान मौजूद थीं।
अपने सोशल मीडिया पोस्ट में गांधी ने कहा, ‘‘कुछ परिवार सिर्फ खेल नहीं खेलते बल्कि उसकी आत्मा बनते हैं। ’’
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द

Facebook


