डोएशे और टी. दिलीप का अनुबंध समाप्त, जल्द होगा नये क्षेत्ररक्षक कोच के नाम का ऐलान: सैकिया

Ads

डोएशे और टी. दिलीप का अनुबंध समाप्त, जल्द होगा नये क्षेत्ररक्षक कोच के नाम का ऐलान: सैकिया

  •  
  • Publish Date - July 28, 2026 / 08:02 PM IST,
    Updated On - July 28, 2026 / 08:02 PM IST

… कुशान सरकार …

नयी दिल्ली, 28 जुलाई (भाषा) भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के सहायक कोच रेयान टेन डोएशे और क्षेत्ररक्षण कोच टी. दिलीप का अनुबंध समाप्त हो गया है और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने मंगलवार को पीटीआई से कहा कि बोर्ड इन दोनों के कार्यकाल को कोई विस्तार नहीं देने जा रहा है। बीसीसीआई श्रीलंका दौरे के लिए जल्द ही नए क्षेत्ररक्षण कोच के नाम की घोषणा करेगा। सैकिया ने बताया कि फिलहाल ‘दो-तीन नामों पर चर्चा चल रही है।’ सूत्रों के अनुसार भारत की महिला टीम और भारत-ए के पूर्व सहयोगी सदस्य शुभदीप घोष इस पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं और उनके टी. दिलीप तथा डोएशे की जगह लेने की संभावना है। सैकिया ने ‘पीटीआई’ से विशेष बातचीत में कहा, ‘‘सहायक कोच डोएशे का भारतीय पुरुष टीम के साथ दो वर्ष का अनुबंध 10 जून को समाप्त हो गया था तो वही एक वर्ष का विस्तार पाने वाले क्षेत्ररक्षक कोच टी. दिलीप का अनुबंध आठ जून को खत्म हो गया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘बीसीसीआई ने दोनों को भारत के ब्रिटेन दौरे के समाप्त होने तक टीम के साथ बनाए रखा। लेकिन अब उनके अनुबंध में कोई और विस्तार नहीं दिया जा रहा है। चूंकि उनका अनुबंध समाप्त हो चुका है, इसलिए इस्तीफा स्वीकार करने का कोई प्रश्न ही नहीं उठता।’’ गौरतलब है कि डोएशे स्वयं भी पद छोड़ना चाहते थे। उन्हें मुख्य कोच गौतम गंभीर के आग्रह पर टीम से जोड़ा गया था और उस समय उन्हें क्षेत्ररक्षण कोच की जिम्मेदारी दिए जाने का आश्वासन मिला था। लेकिन पिछले दो वर्षों में उन्हें कोई स्पष्ट भूमिका नहीं सौंपी गई। दिलीप को इंग्लैंड में 2025 की टेस्ट श्रृंखला से पहले एक सीनियर खिलाड़ी के आग्रह पर एक वर्ष का विस्तार मिला था। उनके प्रदर्शन से हालांकि टीम प्रबंधन संतुष्ट नहीं था। आयरलैंड और इंग्लैंड में सीमित ओवरों के दौरे में टीम के खराब क्षेत्ररक्षण के बाद उनके अनुबंध को आगे बढ़ाने की संभावना लगभग समाप्त हो गई थी। सैकिया ने किसी नाम का जिक्र किये बिना कहा, ‘‘हम फिलहाल दो-तीन उम्मीदवारों से बातचीत कर रहे हैं और उम्मीद है कि अगले एक-दो दिनों में फैसला हो जाएगा। श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम के साथ नया क्षेत्ररक्षण कोच होगा। असम के शुभदीप घोष राहुल द्रविड़ के राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) कार्यकाल से पिछले छह-सात वर्षों से भारतीय क्रिकेट व्यवस्था का हिस्सा रहे हैं। वह इस पद के सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। भाषा आनन्द सुधीरसुधीर