ऋषभ पंत की कोहनी में हेजलवुड की गेंद पर चोट लगी

Ads

ऋषभ पंत की कोहनी में हेजलवुड की गेंद पर चोट लगी

  •  
  • Publish Date - April 15, 2026 / 09:42 PM IST,
    Updated On - April 15, 2026 / 09:42 PM IST

बेंगलुरु, 15 अप्रैल (भाषा) लखनऊ सुपर जाइंट्स को बुधवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग मैच के दौरान बड़ा झटका लगा जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की उछाल लेती गेंद पर कप्तान ऋषभ पंत की बाईं कोहनी पर चोट लगी।

भारत टीम के नेट सत्र के दौरान पेट के बाईं ओर लगी चोट से उबरने के बाद आईपीएल के साथ प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी कर रहे पंत उम्मीद कर रहे होंगे कि उन्हें फ्रेक्चर नहीं हुआ हो।

पंत को यह चोट पांचवें ओवर में लगी जब हेजलवुड की एक गेंद तेजी से ऊपर उठी और बल्लेबाज ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन गेंद को पूरी तरह से चूक गए जो उनकी बाईं कोहनी पर जाकर लगी।

उन्होंने एक और गेंद खेली लेकिन असहनीय दर्द के कारण उन्हें मेडिकल ब्रेक लेना पड़ा और सुपर जाइंट्स के फिजियो पैट्रिक फरहार्ट तुरंत मैदान पर दौड़कर आए।

पंत दर्द से कराह रहे थे और उन्होंने निराश होकर मैदान से बाहर जाने का फैसला किया। कोहनी में फ्रेक्चर है या नहीं यह सूजन कम होने पर पता चलेगा जब एमआरआई कराया जाएगा।

हालांकि पंत 16वें ओवर में आयुष बडोनी के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने के लिए वापस आए लेकिन ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए और एक ओवर बाद ही भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर फिल सॉल्ट ने उन्हें कैच कर लिया। उन्होंने छह गेंद में सिर्फ एक रन बनाया।

भाषा सुधीर

सुधीर