रौड्रिगेज का अर्धशतक, सदरलैंड और हैमिल्टन ने भारत को सस्ते में समेटा

Ads

रौड्रिगेज का अर्धशतक, सदरलैंड और हैमिल्टन ने भारत को सस्ते में समेटा

  •  
  • Publish Date - March 6, 2026 / 07:52 PM IST,
    Updated On - March 6, 2026 / 07:52 PM IST

पर्थ, छह मार्च (भाषा) जेमिमा रौड्रिग्स ने जुझारू अर्धशतक जमाया लेकिन भारत की बाकी बल्लेबाज आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज अनाबेल सदरलैंड और लूसी हैमिल्टन की स्विंग का सामना नहीं कर सकीं और दिन रात के एकमात्र टेस्ट के पहले दिन भारतीय टीम 198 रन पर आउट हो गई ।

रौड्रिग्स ने 84 गेंद में 52 रन बनाये लेकिन उन्हें दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिला ।

आस्ट्रेलिया ने पहले दिन का खेल समाप्त होने पर तीन विकेट पर 96 रन बना लिये थे । मेजबान टीम अभी भी 102 रन पीछे है ।

आस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया जिसे उसके गेंदबाजों ने सही साबित कर दिखाया । सदरलैंड ने 46 रन देकर चार और हैमिल्टन ने 31 रन देकर तीन विकेट लिये ।

बायें हाथ की तेज गेंदबाज हैमिल्टन ने छठे ओवर में स्मृति मंधाना को आउट किया । शेफाली वर्मा 35 रन बनाकर सदरलैंड की गेंद पर विकेटकीपर बेथ मूनी को कैच दे बैठी ।

पहला टेस्ट खेल रही प्रतिका रावल (18), कप्तान हरमनप्रीत कौर (19) और दीप्ति शर्मा (सात) टिक नहीं सकी । भारत के पांच विकेट 107 रन पर गिर गए ।

रौड्रिग्स और रिचा घोष (11) ने छठे विकेट के लिये 43 रन की साझेदारी करके भारत को 150 रन के पार पहुंचाया ।

हैमिल्टन ने रौड्रिग्स और एशले गार्डनर ने घोष को आउट किया । काशवी गौतम ( नाबाद 34) और सयाली सतघारे (सात) ने नौवे विकेट के लिये 38 रन जोड़कर भारत को 200 रन के पास पहुंचाया ।

वहीं गेंदबाजी में सतघारे ने आस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज जॉर्जिया वोल (दो) को आउट किया । फीबी लिचफील्ड (नौ) और कप्तान एलिसा हीली (13) भी सस्ते में आउट हो गई ।

पहले दिन का खेल समाप्त होने पर एलिसे पैरी (नाबाद 43) और सदरलैंड (नाबाद 20) खेल रही थी ।

भाषा मोना नमिता

नमिता