रोहित शर्मा का पंजाब किंग्स के खिलाफ आईपीएल मैच में खेलना संदिग्ध

Ads

रोहित शर्मा का पंजाब किंग्स के खिलाफ आईपीएल मैच में खेलना संदिग्ध

  •  
  • Publish Date - April 15, 2026 / 07:24 PM IST,
    Updated On - April 15, 2026 / 07:24 PM IST

मुंबई, 14 अप्रैल (भाषा) रोहित शर्मा बृहस्पतिवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियन्स के इंडियन प्रीमियर लीग मैच से लगभग बाहर हो गए हैं और फिलहाल टीम का मेडिकल स्टाफ उनकी जांच कर रहा है।

पिछले रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ बड़े स्कोर वाले मैच के दौरान मुंबई इंडियन्स की पारी के छठे ओवर में रोहित को अपने पैर की मांसपेशियों में परेशानी महसूस हुई थी जिसके बाद वह मैदान से बाहर चले गए थे।

जब रोहित ‘रिटायर्ड हर्ट’ होकर बाहर गए तब वह 13 गेंद पर 19 रन बनाकर खेल रहे थे। इसके बाद मुंबई इंडियन्स यह मैच 18 रन से हार गई जो मौजूदा सत्र में टीम की लगातार तीसरी हार थी।

बुधवार को मुंबई इंडियन्स के ट्रेनिंग सत्र के दौरान टीम के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘मेडिकल टीम और कोचिंग स्टाफ उनकी जांच कर रहे हैं और हमें जल्द ही पता चल जाएगा।’’

इस बीच इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स जल्द ही मुंबई इंडियन्स से जुड़ने वाले हैं। वह मौजूदा सत्र में अब तक टीम के चारों मैच से बाहर रहे हैं और बृहस्पतिवार को भी नहीं खेल पाएंगे।

जैक्स और न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर (अब तक दो मैच खेले हैं) ने भारत में टीम से जुड़ने से पहले कुछ और समय मांगा था।

भाषा सुधीर मोना

मोना