आकाशवाणी के नौ दशक पूरे होने के अवसर पर आयोजित की गयी दौड़

Ads

आकाशवाणी के नौ दशक पूरे होने के अवसर पर आयोजित की गयी दौड़

  •  
  • Publish Date - May 8, 2026 / 06:23 PM IST,
    Updated On - May 8, 2026 / 06:23 PM IST

नयी दिल्ली, आठ मई (भाषा) सार्वजनिक सेवा प्रसारण के 90 वर्ष पूरा होने के अवसर पर शुक्रवार को आकाशवाणी ने राजधानी में एक दौड़ का आयोजन किया और इस अवसर पर प्रसार भारती के सीईओ गौरव द्विवेदी ने कहा कि भविष्य में भी आकाशवाणी की आवाज गूंजती रहेगी।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार इस दौड़ में जिसमें 500 से अधिक धावकों ने भाग लिया। प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) द्विवेदी ने औपचारिक रूप से इस ‘‘मैराथन’’ को हरी झंडी दिखाकर शुरू किया।

इस अवसर पर द्विवेदी ने कहा कि आकाशवाणी का अपना इतिहास रहा है और भविष्य में भी आकाशवाणी की आवाज गूंजती रहेगी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य 1936 में स्थापित ‘‘ऑल इंडिया रेडियो’’ की अब तक की अपनी यात्रा का जश्न मनाना है।

यह दौड़ 3.5 किलोमीटर की रही, जो आकाशवाणी भवन से शुरू होकर भारतीय वायु सेना मुख्यालय तक और फिर वापस आकाशवाणी भवन तक आयी।

दौड़ में पुरूषों की श्रेणी में पहले स्थान पर सशस्त्र सीमा बल के हेमकिशोर रहे, जबकि दूसरे स्थान पर भी सशस्त्र सीमा बल के ही आनंद रहे। तीसरे स्थान पर भारत तिब्बत सीमा पुलिस के स्टैनजिन जेकमेट रहे। महिलाओं की श्रेणी में पहले और दूसरे स्थान पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की भूमिका वार्ष्णेय और कमलेश बाली रहीं, जबकि तीसरे स्थान पर सशस्त्र सीमा बल की स्नेहा रहीं।

आकाशवाणी के कर्मचारियों ने इस मैराथन में हिस्सा लिया, जिसमें मुरुगन, सोमपाल और रणधीर ठाकुर ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किए। विजेताओं को ट्रॉफी और पदक प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को उनकी उत्साहपूर्ण भागीदारी के लिए पदक दिए गए।

आकाशवाणी के इस आयोजन में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल और सशस्त्र सीमा बल के विशिष्ट अतिथियों और प्रतिभागियों ने भी हिस्सा लिया और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर प्रसार भारती के कार्मिक सदस्य राजीव भारद्वाज और आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन भी मौजूद रहे।

भाषा माधव नमिता

नमिता