सबालेंका ने ग्रैंड स्लैम की कमाई में खिलाड़ियों को अधिक हिस्सा नहीं मिलने पर बहिष्कार की मांग की
सबालेंका ने ग्रैंड स्लैम की कमाई में खिलाड़ियों को अधिक हिस्सा नहीं मिलने पर बहिष्कार की मांग की
रोम, पांच मई (एपी) शीर्ष रैंकिंग वाली महिला एकल खिलाड़ी एरिना सबालेंका का मानना है कि अगर टेनिस खिलाड़ियों को ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट की कमाई में अधिक हिस्सा मिलना शुरू नहीं होता तो उन्हें बहिष्कार करना चाहिए।
सबालेंका और उनके साथी नंबर एक पुरुष खिलाड़ी यानिक सिनर उन बड़े खिलाड़ियों में शामिल थे जिन्होंने सोमवार को एक बयान जारी कर फ्रेंच ओपन की इनामी राशि पर ‘गहरी निराशा’ जाहिर की।
मंगलवार को इटैलियन ओपन में अपना 28वां जन्मदिन मनाने वाली सबालेंका ने कहा, ‘‘हमारे बिना ना तो कोई टूर्नामेंट होगा और ना ही कोई मनोरंजन। मुझे लगता है कि हमें निश्चित रूप से कमाई का अधिक प्रतिशत मिलना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि किसी ना किसी मोड़ पर हम इसका बहिष्कार करेंगे। मुझे लगता है कि अपने अधिकारों के लिए लड़ने का यही एकमात्र तरीका होगा।’’
खिलाड़ी चार ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट ऑस्ट्रेलियाई ओपन, फ्रेंच ओपन, विंबलडन और अमेरिका ओपन से बेहतर प्रतिनिधित्व, स्वास्थ्य सुविधाएं और पेंशन की भी मांग कर रहे हैं।
फ्रेंच ओपन के आयोजकों ने पिछले महीने घोषणा की थी कि वे कुल इनामी राशि में लगभग 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर रहे हैं जिससे कुल राशि छह करोड़ 17 लाख यूरो (सात करोड़ 21 लाख डॉलर) हो जाएगी। यह राशि पिछले साल के मुकाबले 53 लाख यूरो अधिक है।
लेकिन खिलाड़ियों के बयान में कहा गया है कि ‘असल आंकड़े कुछ और ही कहानी बयां करते हैं’। दावा किया गया है कि उन्हें टूर्नामेंट की कमाई में से कम हिस्सा मिलेगा।
खिलाड़ियों ने कहा, ‘‘रोलां गैरो टूर्नामेंट की कमाई में खिलाड़ियों का हिस्सा 2024 के 15.5 प्रतिशत से घटकर 2026 में अनुमानित 14.9 प्रतिशत रह जाएगा।’’
एपी सुधीर
सुधीर

Facebook


