सांगवान शतक से चूके, दिल्ली के छह विकेट पर 248 रन

Ads

सांगवान शतक से चूके, दिल्ली के छह विकेट पर 248 रन

  •  
  • Publish Date - November 1, 2025 / 08:04 PM IST,
    Updated On - November 1, 2025 / 08:04 PM IST

नयी दिल्ली, एक नवंबर (भाषा) बायें हाथ के सलामी बल्लेबाज सनत सांगवान ने अपना शानदार फॉर्म बरकरार रखा लेकिन शतक से एक रन से चूक गए हालांकि उनकी पारी के दम पर दिल्ली ने पुडुच्चेरी के खिलाफ रणजी ट्रॉफी ग्रुप डी के मैच के पहले दिन छह विकेट पर 248 रन बनाये ।

सांगवान ने 230 गेंदों में नौ चौकों की मदद से 99 रन बनाये ।

पिछले दो मैचों में दोहरा शतक और अर्धशतक जमा चुके सांगवान एक और शतक की ओर बढ रहे थे लेकिन मध्यम तेज गेंदबाज अबिन मैथ्यू की गेंद पर विकेटकीपर सिद्धांत अद्धतराव को कैच देकर आउट हो गए । मैथ्यू ने 47 रन देकर तीन विकेट चटकाये ।

आईपीएल स्टार प्रियांश आर्य ने 30 गेंद में 40 रन बनाये और सांगवान के साथ तीसरे विकेट के लिये 64 रन जोड़े । वह भारत के पूर्व आफ स्पिनर जयंत यादव का शिकार हुए ।

दिल्ली के चार विकेट 123 रन पर गिर गए थे जिसके बाद सांगवान और सुमित माथुर (नाबाद 49) ने टीम को संकट से निकाला । उन्होंने पांचवें विकेट के लिये 106 रन की साझेदारी की ।

जयपुर में एक अन्य मैच में टेस्ट सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने 97 गेंद में 67 रन बनाये लेकिन राजस्थान के खिलाफ मुंबई की टीम 254 रन पर आउट हो गई ।

जायसवाल ने मुशीर खान (49) के साथ 100 रन की सलामी साझेदारी की । मध्यक्रम के बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे (तीन), सिद्धेश लाड (आठ) और सरफराज खान (15) बुरी तरह नाकाम रहे ।

पहले दिन का खेल समाप्त होने पर राजस्थान ने बिना किसी नुकसान के दस रन बना लिये थे ।

नादौन में हिमाचल प्रदेश ने आकाश वशिष्ठ के नाबाद 114 रन की मदद से हैदराबाद के खिलाफ सात विकेट पर 293 रन बना लिये हैं ।

रायपुर में जम्मू कश्मीर ने छत्तीसगढ के खिलाफ पहली पारी में चार विकेट पर 195 रन बना लिये हैं ।

भाषा मोना नमिता

नमिता