संजना को कांस्य, एशियाई भारोत्तोलन चैंपियनशिप में भारत के पदकों की संख्या चार हुई

Ads

संजना को कांस्य, एशियाई भारोत्तोलन चैंपियनशिप में भारत के पदकों की संख्या चार हुई

  •  
  • Publish Date - May 16, 2026 / 07:59 PM IST,
    Updated On - May 16, 2026 / 07:59 PM IST

गांधीनगर, 16 मई (भाषा) संजना ने शनिवार को यहां एशियाई भारोत्तोलन चैंपियनशिप में महिलाओं के 77 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीतकर भारत की पदक संख्या चार कर दी।

संजना ने कुल 220 किलोग्राम वजन उठाया (स्नैच में 96 किग्रा और क्लीन एवं जर्क में 124 किग्रा) और चार खिलाड़ियों के मुकाबले में तीसरा स्थान हासिल किया।

चीन की गुइफांग लियाओ ने कुल 265 किलोग्राम (118 किग्रा + 147 किग्रा) वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता जबकि उत्तर कोरिया की क्यॉन्ग रयोंग किम ने 260 किलोग्राम (115 किग्रा + 145 किग्रा) के साथ रजत पदक अपने नाम किया।

पोडियम पर जगह बनाने के साथ ही संजना ने कोमल कोहार (48 किग्रा), ज्ञानेश्वरी यादव (53 किग्रा) और अजित नारायण (71 किग्रा) की सूची में अपना नाम जोड़ लिया जिन्होंने चल रही महाद्वीपीय चैंपियनशिप में भारत के लिए कांस्य पदक जीते हैं।

महिलाओं के 86 किलोग्राम वर्ग में भारत की दूसरी खिलाड़ी वंशिता वर्मा कुल 220 किलोग्राम वजन उठाकर चौथे स्थान पर रहीं। उन्होंने स्नैच में 95 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 125 किग्रा वजन उठाया।

चीन की कुइटिंग पेंग ने कुल 270 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता। बहरीन की अलीना मारुशचक ने 265 किलोग्राम के साथ रजत पदक हासिल किया जबकि दक्षिण कोरिया की ह्योनजू जांग ने 245 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक जीता।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द