सात्विक-चिराग की जोड़ी हांगकांग ओपन के सेमीफाइनल में

सात्विक-चिराग की जोड़ी हांगकांग ओपन के सेमीफाइनल में

सात्विक-चिराग की जोड़ी हांगकांग ओपन के सेमीफाइनल में
Modified Date: September 12, 2025 / 02:02 pm IST
Published Date: September 12, 2025 2:02 pm IST

हांगकांग, 12 सितंबर (भाषा) सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल जोड़ी ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शुक्रवार को यहां अपने मलेशियाई प्रतिद्वंद्वियों को तीन गेम में हराकर हांगकांग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

सात्विक और चिराग ने बेहतर तालमेल का नमूना पेश किया और इस 500,000 डॉलर इनामी प्रतियोगिता में 64 मिनट तक चले मुकाबले में आरिफ जुनैदी और रॉय किंग याप की जोड़ी को 21-14, 20-22, 21-16 से हराया।

सात्विक और चिराग की आठवीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने धीमी शुरुआत की, लेकिन एक बार जब स्कोर 12-12 हो गया तो उन्होंने बेहतर खेल का प्रदर्शन किया और लगातार पांच अंक बना कर पहला गेम जीता।

मलेशियाई खिलाड़ियों ने दूसरे गेम में अपनी लय हासिल करके अच्छी वापसी की। उन्होंने स्कोर 6-6 से बराबर किया और इसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा। लेकिन सात्विक और चिराग ने अच्छी वापसी करके स्कोर 20-20 से बराबर कर दिया। मलेशिया की जोड़ी ने हालांकि अगले दो अंक बनाकर मैच को बराबरी पर ला दिया।

तीसरे और निर्णायक गेम में भारतीय जोड़ी ने बेहतर खेल दिखाया और मलेशिया की जोड़ी को एक बार भी बढ़त हासिल नहीं करने दी और मैच अपने नाम किया।

सात्विक और चिराग ने गुरुवार को थाईलैंड के पीराचाई सुकफुन और पक्कापोन तीरात्साकुल को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की थी।

भाषा

पंत

पंत


लेखक के बारे में