सौराष्ट्र ने कर्नाटक की वापसी की कोशिशों पर पानी फेर मैच ड्रॉ कराया
सौराष्ट्र ने कर्नाटक की वापसी की कोशिशों पर पानी फेर मैच ड्रॉ कराया
राजकोट, 18 अक्टूबर (भाषा) कर्नाटक ने रणजी ट्रॉफी एलीट बी का मुकाबले में अपनी दूसरी पारी जल्दी घोषित करने में हिचकिचाहट दिखाई जिसकी वजह से उसे शनिवार को चौथे और अंतिम दिन सौराष्ट्र को दूसरी पारी में ऑल आउट करने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिला और मैच ड्रॉ पर छूटा।
पहली पारी में चार रन की मामूली बढ़त के आधार पर सौराष्ट्र की टीम तीन अंक हासिल करने में सफल रही जबकि कर्नाटक को एक अंक से संतुष्ठ होना पड़ा।
कर्नाटक ने लगभग डेढ़ सत्र में सौराष्ट्र को जीत के लिए 229 रन का लक्ष्य दिया। पहली पारी में आठ विकेट लेने वाले श्रेयस गोपाल की फिरकी के सामने सौराष्ट्र अपनी पारी के 13वें ओवर में 43 रन पर चार विकेट गंवा कर मुश्किल में थी।
गज्जर सम्मर (43 रन नाबाद, 110 गेंद) और जय गोहिल (41 रन, 73 गेंद की जोड़ी ने लगभग 26 ओवर तक दृढ़ता से बल्लेबाजी की और 81 रन जोड़ कर टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला।
श्रेयस गोपाल ने मैच में कुल 11 विकेट झटके।
कर्नाटक ने अगर एक घंटे पहले अपनी पारी घोषित करने का साहस दिखाया होता तो उसके गेंदबाजों के पास मैच के आखिरी दिन मुश्किल पिच पर विकेट चटकाने का और मौका होता।
कर्नाटक ने इससे पहले दिन के शुरुआती सत्र में आक्रामक बल्लेबाजी की। टीम के लिए कप्तान मयंक अग्रवाल ने 64 जबकि विकेटकीपर केएल श्रीजीत ने 30 गेंद में 31 रन की पारी खेली।
ग्रुप के अन्य मैचों में गोवा ने चंडीगढ़ को पारी और 75 रन से हराकर बोनस अंक हासिल किया।
अर्जुन आजाद की 141 रन की दमदार पारी के बावजूद चंडीगढ़ की टीम फालोऑन करते हुए अपनी दूसरी पारी में 354 रन पर आउट हो गयी।
पंजाब की टीम इंदौर में बारिश के कारण मध्यप्रदेश से पारी की हार टालने में सफल रही। पहली पारी में 287 रन से पिछड़ने के बाद पंजाब ने दूसरी पारी में 143 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे लेकिन बारिश के कारण दिन के खेल का जल्दी खत्म करना पड़ा।
भाषा आनन्द आनन्द पंत
पंत

Facebook


