डेनमार्क ओपन में पोपोव को कड़ी टक्कर देकर हारे शेट्टी, भारतीयों के लिए निराशाजनक दिन
डेनमार्क ओपन में पोपोव को कड़ी टक्कर देकर हारे शेट्टी, भारतीयों के लिए निराशाजनक दिन
ओडेन्से, 14 अक्टूबर (भाषा) युवा भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने मंगलवार को यहां डेनमार्क ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव को कड़ी टक्कर दी लेकिन तीन गेम तक चले मुकाबले में हार गए।
भारतीयों के लिए मंगलवार का दिन निराशाजनक रहा।
इस साल की शुरुआत में यूएस ओपन में अपना पहला सुपर 300 खिताब जीतने वाले दुनिया के 30वें नंबर के खिलाड़ी शेट्टी ने एक घंटे 17 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में 15वें नंबर के फ्रांसीसी खिलाड़ी को कड़ी टक्कर दी, लेकिन 19-21, 21-17, 15-21 से हार गए।
भारत के 20 वर्षीय खिलाड़ी ने दूसरे गेम में लय बनाई और मुकाबला निर्णायक गेम तक ले गए। पोपोव के अनुभव और तेज खेल ने मुकाबले में अंतर पैदा किया जिससे वह जीत गए।
मई में मलेशिया मास्टर्स के प्रीक्वार्टर फ़ाइनल में पोपोव से हारने के बाद शेट्टी की यह लगातार दूसरी हार थी।
महिला एकल में विश्व रैंकिंग में 46वें स्थान पर काबिज भारत की अनमोल खरब, सातवीं वरीयता प्राप्त इंडोनेशिया की पुत्री कुसुमा वर्दानी से मात्र 34 मिनट में 9-21, 14-21 से हार गईं।
भारतीय युगल जोड़ियों का भी प्रदर्शन निराशाजनक रहा।
पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय और साई प्रतीक के की पुरुष जोड़ी चीनी ताइपे के लियू कुआंग हेंग और यांग पो हान की जोड़ी से 34 मिनट में 13-21, 17-21 से हार गई।
कविप्रिया सेल्वम और सिमरन सिंघी महिला युगल में बुल्गारिया की अनुभवी स्टोएवा बहनों, गैब्रिएला और स्टेफनी के सामने कहीं नहीं टिक पाईं जिन्होंने केवल 24 मिनट में 21-4, 21-11 से जीत हासिल की।
पांडा बहनें रितुपर्णा और श्वेतपर्णा दिन के अंत में अपना मुकाबला खेलेंगी।
अब सभी की निगाहें शीर्ष भारतीय लक्ष्य सेन और भारतीय युगल स्टार सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी पर होंगी जो बुधवार को अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द

Facebook


