एसएलसी बोर्ड ने सिल्वा के भविष्य पर चर्चा के लिए कार्यकारी समिति की विशेष बैठक बुलाई

Ads

एसएलसी बोर्ड ने सिल्वा के भविष्य पर चर्चा के लिए कार्यकारी समिति की विशेष बैठक बुलाई

  •  
  • Publish Date - April 27, 2026 / 08:05 PM IST,
    Updated On - April 27, 2026 / 08:05 PM IST

कोलंबो, 27 अप्रैल (भाषा) श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने मंगलवार को कार्यकारी समिति की विशेष बैठक बुलाई है जिसमें मौजूदा अध्यक्ष शम्मी सिल्वा के भविष्य पर चर्चा की जाएगी। यह कदम देश के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके द्वारा नए प्रशासन को कार्यभार संभालने के लिए कहे जाने के बाद उठाया गया है। दिसानायके ने पहले ही यह साफ कर दिया है कि वह चाहते हैं कि सिल्वा क्रिकेट चलाने के लिए नए प्रशासन को जगह दें।

सूत्रों ने बताया कि कार्यकारी समिति के सदस्य सामूहिक रूप से इस्तीफा देने का फैसला कर सकते हैं जिससे पदाधिकारियों के लिए नए चुनाव कराए जा सकेंगे।

सिल्वा का मौजूदा कार्यकाल मई 2027 तक है लेकिन उन पर पद छोड़ने का दबाव है।

खिलाड़ियों के असंतोष और पिछले कुछ वर्षों में राष्ट्रीय टीम के खराब प्रदर्शन के कारण सरकार सिल्वा को हटाना चाहती है।

सिल्वा को पहली बार 2019 में सदस्य क्लबों के बहुमत मतों से अध्यक्ष चुना गया था। वह 2021, 2023 और 2025 में फिर निर्विरोध चुने गए थे।

सिल्वा ने 2025 में भारत के जय शाह के बाद एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष के रूप में भी काम किया।

हालांकि यह देखना दिलचस्प होगा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद इस पूरे मामले को कैसे देखता है क्योंकि इस वैश्विक संस्था के चार्टर में साफ तौर पर कहा गया है कि किसी भी तरह का सरकारी दखल स्वीकार नहीं किया जाएगा।

भाषा सुधीर

सुधीर