रॉटरडम, 18 जून (भाषा) मनप्रीत सिंह ने अपना 413वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलकर सबसे अधिक मैच खेलने का रिकॉर्ड बनाया, जबकि भारत ने यहां एफआईएच हॉकी प्रो लीग के अपने दूसरे मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए जर्मनी को 3-1 से हराया।
भारत की ओर से मनदीप सिंह (सातवें), शिलानंद लाकड़ा (13वें) और नीलकांत शर्मा (35वें) ने एक-एक गोल दागा, जबकि जर्मनी की तरफ से एकमात्र गोल राफेल हार्टकॉफ (45वें) ने किया।
भारतीय मिडफील्डर हार्दिक सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भारत ने अच्छी शुरुआत की और शुरू से ही गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा जिसका फायदा उसे सातवें मिनट में मिला जब मनदीप ने गोल करके टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
लाकड़ा ने पहला क्वार्टर खत्म होने से पहले ही शानदार शॉट लगाकर जर्मन गोलकीपर अलेक्जेंडर स्टैडलर को हतप्रभ किया और भारत को 2-0 से आगे कर दिया।
दूसरे क्वार्टर में जर्मनी ने भारत के हाफ में घुसने की कोशिश की, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने दमदार खेल का नजारा पेश किया। जर्मनी को दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन पहला अमित रोहिदास ने बचा दिया और दूसरा गोलकीपर मोहित ने नाकाम कर दिया, जिससे भारत की बढ़त बरकरार रही।
भारत ने तब अपनी बढ़त को 3-0 तक कर दिया जब नीलकांत ने अकेले ही दौड़ते हुए जर्मन डिफेंडरों को पछाड़कर गेंद को गोल में डाल दिया।
तीसरे क्वार्टर में महज 20 सेकंड शेष रहते हुए हार्टकोफ ने 45वें मिनट में अपनी टीम के लिए पहला गोल दागा। जर्मनी की टीम ने इसके बाद आक्रामक रवैया अपनाया और चौथे क्वार्टर में लगातार हमले किए लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने उन्हें नाकाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
भाषा
पंत
पंत