कांगो ने क्रिस्टियानो रोनाल्डो और पुर्तगाल को बराबरी पर रोका

Ads

कांगो ने क्रिस्टियानो रोनाल्डो और पुर्तगाल को बराबरी पर रोका

  •  
  • Publish Date - June 18, 2026 / 08:12 AM IST,
    Updated On - June 18, 2026 / 08:12 AM IST

ह्यूस्टन, 18 जून (एपी) अर्जेंटीना के लियोनेल मेस्सी ने हैट्रिक बनाकर अपनी टीम को विश्व कप फुटबॉल में शानदार शुरुआत दिलाई थी लेकिन उन्हीं की तरह छठी बार इस टूर्नामेंट में भाग ले रहे एक अन्य दिग्गज खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ऐसा कोई कमाल नहीं दिखा पाए और उनकी टीम पुर्तगाल को कांगो के खिलाफ अप्रत्याशित रूप से 1-1 से ड्रॉ खेलना पड़ा।

रोनाल्डो और पुर्तगाल अपने पहले विश्व कप खिताब की कवायद में हैं लेकिन उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही और यह किसी बड़े उलटफेर से कम नहीं है। कांगो 52 वर्ष में पहली बार विश्व कप में भाग ले रहा है। वह अफ्रीका की दूसरी टीम है जिसने यूरोप की किसी मजबूत टीम को बराबरी पर रोका। इससे पहले सोमवार को केप वर्डे ने स्पेन को गोलरहित बराबरी पर रोका था।

एनआरजी स्टेडियम में 68,777 दर्शकों में पुर्तगाल के समर्थकों की संख्या काफी अधिक थी। उसकी टीम ने अच्छी शुरुआत की थी। जोआओ नेवेस ने छठे मिनट में पुर्तगाल को शुरुआती बढ़त दिलाई। पांच फुट सात इंच लंबे इस मिडफील्डर ने पेड्रो नेटो के क्रॉस पर हेडर से गोल किया।

लेकिन पहले हाफ के स्टॉपेज टाइम में आर्थर मासुअकू के क्रॉस पर योआने विस्सा ने हेडर से गोल करके कांगो को बराबरी पर ला दिया, जिससे नीली जर्सी पहने उसके मुट्ठी भर प्रशंसक खुशी से झूम उठे। यह कांगो के इतिहास में विश्व कप का पहला गोल था।

पुर्तगाल के कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने कहा, ‘‘विश्व कप एक ऐसा टूर्नामेंट है जहां इस तरह के परिणाम देखने को मिलते हैं। कई बार आपका प्रदर्शन अपेक्षित नहीं होता है।’’

इबोला वायरस से संबंधित प्रतिबंधों के कारण कई कांगोवासियों को अमेरिका की यात्रा करने से रोक दिया गया था। यही वजह थी कि कांगो के बहुत कम प्रशंसक स्टेडियम में मौजूद थे।

कांगो के कोच सेबेस्टियन डेसाब्रे ने कहा, ‘‘स्टेडियम में हमारे बहुत कम प्रशंसक थे लेकिन खिलाड़ी आत्मविश्वास से भरे हुए थे और वह चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार थे। मुझे विश्वास है कि आज कई कांगोवासी अपनी टीम पर गर्व महसूस कर रहे होंगे।’’

कांगो ने इससे पहले 1974 में विश्व कप में भाग लिया था लेकिन तब वह अपने तीनों मैच हार गया था। दूसरी तरफ पुर्तगाल खिताब का प्रबल दावेदार है।

सभी की नजरें रोनाल्डो पर टिकी थी। उन्हें दो अवसरों पर गोल करने का मौका मिला लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाए। रोनाल्डो 68वें और 73वें मिनट में दाहिनी ओर से शॉट नहीं लगा पाए। दोनों ही मौकों पर उन्होंने निराशा में अपना सिर हिलाया।

रोनाल्डो के प्रयासों के अलावा ब्रूनो फर्नांडेस के पास 90वें मिनट में पुर्तगाल को बढ़त दिलाने का मौका था, लेकिन उनका शॉट भी दाईं ओर से बाहर चला गया।

पुर्तगाल ने 55वें मिनट में जोआओ कैंसलो के बाइसाइकिल किक से बढ़त हासिल कर ली थी, लेकिन उन्हें ऑफसाइड करार दिया गया।

एपी

पंत

पंत