स्मृति और ऋचा ने महिला क्रिकेट फाइनल में भारत को तीन विकेट पर 216 रन तक पहुंचाया

स्मृति और ऋचा ने महिला क्रिकेट फाइनल में भारत को तीन विकेट पर 216 रन तक पहुंचाया

स्मृति और ऋचा ने महिला क्रिकेट फाइनल में भारत को तीन विकेट पर 216 रन तक पहुंचाया
Modified Date: September 22, 2026 / 12:37 pm IST
Published Date: September 22, 2026 12:37 pm IST

निशिन (जापान), 22 सितंबर (भाषा) स्मृति मंधाना ने 45 गेंद में 79 रन की शानदार पारी खेली जबकि ऋचा घोष (22 गेंद में नाबाद 49 रन) ने डेथ ओवरों में तूफानी बल्लेबाजी की जिससे भारत ने मंगलवार को यहां एशियाई खेलों में महिला टी20 क्रिकेट के स्वर्ण पदक मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ तीन विकेट पर 216 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

गत चैम्पियन भारत ने टॉस जीतने के बाद पावरप्ले का पूरा फायदा उठाया। स्मृति (79 रन, 45 गेंद) और शेफाली वर्मा (48 रन, 29 गेंद) ने छह ओवर में टीम का स्कोर बिना विकेट खोए 59 रन तक पहुंचाया।

एशिया कप से ही शानदार फॉर्म में चल रहीं दोनों सलामी बल्लेबाजों ने 60 गेंद में 99 रन की साझेदारी करके फाइनल में टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।

भारत को रोकने के लिए कुछ विशेष करने की जरूरत थी लेकिन श्रीलंकाई टीम की गेंदबाजी में साधारण नजर आई और उसने भारतीय सलामी बल्लेबाजों को अपनी शर्तों पर खेलने दिया। भारत ने अंततः एशियाई खेलों के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया।

शेफाली और स्मृति दोनों ने स्पिनरों की जमकर धुनाई की। स्मृति ने तीसरे ओवर में बाएं हाथ की स्पिनर सुगंधिका कुमारी की लगातार गेंदों पर दो छक्के जड़े। इनमें से पहला बैकफुट से सीधे मैदान के ऊपर से लगाया गया जबकि अगली गेंद पर उन्होंने स्लॉग स्वीप खेलकर गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया।

इसके बाद तेज गेंदबाज मिताली अयोध्या का ओवर और भी महंगा साबित हुआ। स्मृति ने एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से शानदार छक्का जड़कर पारी का अपना तीसरा छक्का लगाया।

श्रीलंका की कप्तान चामरी अटापट्टू स्वयं पांचवां ओवर करने आईं और 19 रन लुटा बैठीं जिसमें तीन छक्के शामिल थे। इनमें से दो शेफाली के बल्ले से आए। उन्होंने पहले शॉर्ट गेंद को पुल करके सीमा के पार भेजा और अगली गेंद को मिडऑफ के ऊपर से छह रन के लिए भेजा। तीन गेंद बाद स्मृति ने श्रीलंकाई कप्तान तथा ऑफ स्पिनर की गेंद पर सीधा छक्का जड़ा। स्मृति ने कुल सात छक्के लगाए।

एक और अर्धशतक के करीब पहुंच चुकी शेफाली ने बाएं हाथ की स्पिनर चामुडी प्रबोदा की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश की लेकिन शॉट का सही संपर्क नहीं हुआ और वह कैच आउट हो गईं।

भारत के लिए नंबर तीन का स्थान कुछ समय से परेशानी का सबब रहा है। इस मुकाबले में कप्तान हरमनप्रीत कौर (17 गेंद में 19 रन) तीसरे नंबर पर उतरीं और भारत की बढ़त को मजबूत करने की कोशिश की लेकिन एशिया कप के बाद से जारी उनका संघर्ष यहां भी दिखा और वह 15वें ओवर में लॉन्ग ऑफ पर कैच दे बैठीं।

स्मृति शानदार शतक की ओर बढ़ रही थीं लेकिन सुगंधिका की गेंद पर एक और स्लॉग स्वीप खेलने की कोशिश में डीप में कैच आउट हो गईं।

इसके बाद ऋचा ने डेथ ओवरों में एक और अहम पारी खेलते हुए भारत को 200 रन के पार पहुंचा दिया।

भाषा सुधीर पंत

पंत


लेखक के बारे में