नयी दिल्ली, 12 अप्रैल (भाषा) सोनम मस्कर महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के फाइनल में पांचवें स्थान पर रहीं जिससे भारत ने रविवार को ग्रेनाडा में अपना विश्व कप (राइफल/पिस्टल) अभियान एक स्वर्ण पदक के साथ खत्म किया।
सोनम ने 188.5 का स्कोर किया और 24 शॉट के फाइनल के 18वें शॉट के बाद बाहर हो गईं।
चीन की विश्व नंबर एक वांग ज़िफेई ने 252.9 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। नॉर्वे की महिलाओं की 3पी विश्व चैंपियन जेनेट हेग ड्यूस्टैड ने 252.4 के स्कोर के साथ रजत जीता जबकि चीन की पूर्व एयर राइफल विश्व चैंपियन हान जियायू ने 231.5 के स्कोर के साथ कांस्य जीता।
भारतीय निशानेबाज सात फाइनल में पहुंचे लेकिन प्रतियोगिता के पहले ही दिन सिर्फ 10 मीटर एयर पिस्टल जोड़ी मुकेश नेलावल्ली और पलक ने स्वर्ण जीता।
सोनम ने पहले क्वालीफिकेशन दौर में 632.8 का स्कोर किया और सातवें स्थान पर रहकर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। मेहुली घोष 627.3 के स्कोर के साथ 44वें स्थान पर रहीं जबकि इस मुकाबले में तीसरी भारतीय खिलाड़ी श्रुति ने 624.8 का स्कोर किया और 91 खिलाड़ियों के बीच 63वें स्थान पर रहीं।
इससे पहले पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3पी के क्वालीफिकेशन दौर में नीरज कुमार ने 589 का स्कोर किया जबकि अखिल श्योराण ने 588 का स्कोर किया। इस तरह वे क्रमशः 15वें और 22वें स्थान पर रहे। चैन सिंह शनिवार को ही क्वालीफिकेशन दौर से बाहर हो गए थे।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द