(मोना पार्थसारथी)
नयी दिल्ली, 13 सितंबर (भाषा) हॉकी इंडिया में जारी उथलपुथल के बीच संकट से घिरी हॉकी इंडिया लीग को बचाने की कवायद में खेलमंत्री मनसुख मांडविया सोमवार को फ्रेंचाइजी मालिकों से मुलाकात करेंगे जिसमें हॉकी इंडिया के शीर्ष पदाधिकारी भी मौजूद होंगे ।
हॉकी इंडिया अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने शनिवार को महानिदेशक कमांडर आर के श्रीवास्तव से सारे अधिकार लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया था जिसके बाद से महासंघ में काफी उथल पुथल है ।
मंत्रालय के सूत्र ने बताया कि सोमवार की बैठक का एजेंडा हॉकी इंडिया लीग ही है । पिछले महीने नीदरलैंड और बेल्जियम में हुए विश्व कप में भारतीय टीमों के प्रदर्शन की समीक्षा बैठक में हॉकी इंडिया अध्यक्ष दिलीप टिर्की द्वारा लीग को लेकर अनिश्चितता का मसला उठाये जाने पर खेलमंत्री मांडविया ने कहा था कि आईएसएल की तरह हॉकी लीग को बचाने की कोशिश में वह फ्रेंचाइजी मालिकों से मिलेंगे ।
सूत्र ने कहा ,‘‘ खेलमंत्री ने फ्रेंचाइजी मालिकों और हॉकी इंडिया को कल मुलाकात के लिये बुलाया है । पूरी कोशिश है कि बातचीत के जरिये लीग के सुचारू संचालन का मार्ग प्रशस्त हो सके ।’’
मंत्रालय के सूत्र ने कहा ,‘‘ भारतीय हॉकी टीमों खासकर महिला खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से देश को गौरवान्वित किया है । विश्व कप में महिला टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है और इससे हमारे खिलाड़ियों की असीम क्षमता का पता चलता है । हॉकी इंडिया लीग उन्हें प्रतिस्पर्धा, विकास और उत्कृष्ट प्रदर्शन में मदद करेगी जिससे भारतीय हॉकी का भविष्य मजबूत होगा ।’’
बैठक में हॉकी इंडिया लीग की हैदराबाद तूफांस फ्रेंचाइजी से आलोक सांघी, के साइ प्रकाश, एपीएल पाइपर्स से जीएम विजय कृष्णन और उपाध्यक्ष दिग्विजय सिंह देव, श्राची बंगाल टाइगर्स से तमल घोषाल, यूपी रूद्रास के पूर्व फ्रेंचाइजी मालिक जेकेसी स्पोटर्स से सीईओ सुखविंदर सिंह, एसजी पाइपर्स के प्रतिनिधि, बेंगलुरू की इंडिया स्पोटर्स स्टेक से संस्थापक नितिन मित्तल और सह संस्थापक आलाप राय, चेन्नई फ्रेंचाइजी के प्रतिनिधि और ओडिशा महिला टीम के प्रतिनिधियों के भाग लेने की उम्मीद है। जेएसडब्ल्यू स्पोटर्स के सीईओ दिव्यांशु सिंह आनलाइन जुड़ेंगे जबकि सीनियर मैनेजर बैठक में मौजूद होंगे ।
हॉकी इंडिया की ओर से अध्यक्ष टिर्की के साथ शीर्ष पदाधिकारी और अधिकारी बैठक में भाग लेंगे ।
विश्व कप के दौरान कप्तान सलीमा टेटे , पूर्व कप्तान सविता पूनिया, उपकप्तान नवनीत कौर, अनुभवी मिडफील्डर नेहा गोयल समेत महिला हॉकी खिलाड़ियों ने लीग को बचाने की अपील की थी । भारतीय महिला टीम 1974 के बाद विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पांचवें स्थान पर रही । टूर्नामेंट के बाद सविता सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये प्रधानमंत्री और खेलमंत्री से लीग को बचाने की गुहार लगाई थी ।
पिछले साल इंडियन सुपर लीग फुटबॉल को लेकर इसी तरह की समस्यायें सामने आने पर दिसंबर में खेलमंत्री ने सभी पक्षों के साथ बैठक की थी जिसके बाद आईएसएल के आयोजन का मार्ग प्रशस्त हुआ हालांकि मैचों की संख्या में कटौती की गई ।
भाषा
मोना नमिता
नमिता