साउथम्पटन, 16 जून (भाषा) कप्तान मेली केर और सोफी डिवाइन की उम्दा पारियों के बावजूद श्रीलंका ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप दो मैच में मंगलवार को यहां गत चैंपियन न्यूजीलैंड को छह विकेट पर 150 रन पर रोक दिया।
मेली ने 36 गेंद में पांच चौकों की मदद से 45 रन की पारी खेली जबकि डिवाइन ने 30 गेंद में चार चौकों और एक छक्के से 45 रन बनाए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी भी की।
मेली और डिवाइन के अलावा न्यूजीलैंड की अन्य कोई बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े को भी नहीं छू पाई।
श्रीलंका की ओर से कवीशा दिलहारी (35 रन पर दो विकेट) दो विकेट चटकाकर सबसे सफल गेंदबाज रहीं। कप्तान चामरी अटापट्टू (21 रन पर एक विकेट), मिताली अयोध्या (24 रन पर एक विकेट), निमाशा मीपागे (26 रन पर एक विकेट) और सुगंधिका कुमारी (28 रन पर एक विकेट) ने एक-एक विकेट चटकाया।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरे न्यूजीलैड ने मैच की तीसरी गेंद पर ही इसाबेल गेज (04) को विकेट गंवा दिया जिन्होंने मिताली की गेंद पर विकेटकीपर कौशिनी नुथ्यांगना को कैच थमाया।
कप्तान मेली और सलामी बल्लेबाज जॉर्जिया प्लिमर (18) ने इसके बाद पावर प्ले में टीम का स्कोर एक विकेट पर 38 रन तक पहुंचाया।
जॉर्जिया ने धीमी बल्लेबाजी की जबकि मेली ने मिताली पर लगातार दो चौकों के साथ तेवर दिखाए।
प्लिमर ने भी काव्या काविंदी और सुगंधिका कुमारी पर चौके मारे लेकिन स्ट्राइक रोटेट करने में नाकाम रहीं।
प्लिमर अंतत: स्पिनर निमाशा मीपागे की गेंद पर तेज प्रहार करने की कोशिश में शॉर्ट थर्ड पर कैच दे बैठीं।
मेली और डिवाइन ने इसके बाद रन गति में इजाफा किया। दोनों ने कविशा दिलहारी पर चौके मारे।
मेली ने कविशा पर डीप मिडविकेट एक और चौका जड़ा लेकिन अगली गेंद पर इसी शॉट को दोहराने की कोशिश में काविंदी को कैच दे बैठीं।
न्यूजीलैंड के रनों का शतक 14वें ओवर में पूरा हुआ।
डिवाइन ने सुगंधिका पर छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर निलाक्षिका सिल्वा के हाथों लपकी गईं।
मैडी ग्रीन ने अंत में 13 गेंद में दो चौकों से नाबाद 18 रन की पारी खेलकर टीम का स्कोर 150 रन तक पहुंचाया।
भाषा सुधीर
सुधीर