श्रीनगर के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने नबी को भारतीय टेस्ट टीम में चयन पर दी बधाई

Ads

श्रीनगर के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने नबी को भारतीय टेस्ट टीम में चयन पर दी बधाई

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 10:21 PM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 10:21 PM IST

श्रीनगर, तीन अगस्त (भाषा) श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट श्रृंखला के लिए भारतीय क्रिकेट टीम में बारामूला के तेज गेंदबाज औकिब नबी के चयन पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उन्हें बधाई दी है।

उपराज्यपाल सिन्हा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ‘‘श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में चुने जाने पर क्रिकेटर औकिब नबी को हार्दिक बधाई। यह जम्मू कश्मीर के लिए गर्व और खुशी का क्षण है। मैं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं और आशा करता हूं कि वह देश का प्रतिनिधित्व करते हुए नयी ऊंचाइयों को छुएंगे।’’

अब्दुल्ला ने भी नबी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय टेस्ट टीम में उनका चयन जम्मू-कश्मीर के लिए बेहद गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि नबी की उपलब्धि प्रदेश के हजारों युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस अवसर का पूरा लाभ उठाएंगे और देश का नाम रोशन करेंगे।

नबी को श्रीलंका के दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला के लिए चोटिल जसप्रीत बुमराह के स्थान पर भारतीय टीम में शामिल किया गया है। इसके साथ ही वह कश्मीर घाटी से भारतीय टेस्ट टीम में जगह बनाने वाले पहले क्रिकेटर बन गए हैं।

बारामूला जिले के एक दूरदराज गांव से ताल्लुक रखने वाले 29 वर्षीय नबी जम्मू-कश्मीर से भारतीय सीनियर टीम में चुने जाने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले परवेज रसूल और उमरान मलिक भारत के लिए सीमित ओवरों के प्रारूप में खेल चुके हैं।

नबी का घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने पिछले दो रणजी ट्रॉफी सत्रों में कुल 104 विकेट झटके, जिनमें 2025-26 सत्र में 60 विकेट शामिल हैं। उनके दमदार प्रदर्शन की बदौलत जम्मू कश्मीर ने पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता।

वह हाल ही में वह भारत ‘ए’ टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर भी गए थे, जहां उन्होंने दो प्रथम श्रेणी मैचों में छह विकेट लेकर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

भाषा

आनन्द सुधीर

सुधीर