सुलतानपुर, तीन अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार एक अनियंत्रित कार की चपेट में आने से दो युवतियों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान पार्वती (22) और मनकी (21) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि दोनों युवतियां सैफुल्लागंज से टाटियानगर चौराहे की ओर जा रही थीं, कि तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया हालांकि घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जयसिंहपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि फरार चालक की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र