छात्रवृत्ति योजना का समयबद्ध एवं पारदर्शी संचालन सुनिश्चित करें: मुख्‍य सचिव

Ads

छात्रवृत्ति योजना का समयबद्ध एवं पारदर्शी संचालन सुनिश्चित करें: मुख्‍य सचिव

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 10:22 PM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 10:22 PM IST

लखनऊ, तीन अगस्‍त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस पी गोयल ने सोमवार को अधिकारियों को हिदायत दी कि छात्रवृत्ति योजना का समयबद्ध एवं पारदर्शी संचालन सुनिश्चित करें और हर पात्र को इस योजना का लाभ मिले।

यहां सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि मुख्‍य सचिव की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति योजनाओं के सुचारू, पारदर्शी एवं समयबद्ध संचालन के संबंध में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।

बयान में कहा गया कि बैठक में छात्रवृत्ति वितरण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने तथा पात्र छात्र-छात्राओं को निर्धारित समय पर लाभ उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने कहा कि सभी शिक्षण संस्थान समाज कल्याण विभाग द्वारा जारी समय-सारिणी का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि संस्थान अपने परिसर में संचालित सभी मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रमों, निर्धारित शुल्क, सीट एवं अन्य आवश्यक विवरणों का पोर्टल पर समयबद्ध एवं त्रुटिरहित अंकन करें, जिससे कोई भी पात्र छात्र-छात्रा छात्रवृत्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।

बयान के अनुसार बैठक में अवगत कराया गया कि शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप छात्र-छात्राओं को समय पर छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष/शैक्षिक सत्र 2026-27 हेतु अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए पूर्वदशम (कक्षा 9-10) तथा दशमोत्तर (कक्षा 11-12 एवं उच्चतर) छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत विद्यालयों एवं संस्थानों को मास्टर डाटाबेस में शामिल किए जाने से लेकर विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन, सत्यापन तथा छात्रवृत्ति वितरण तक की समस्त कार्यवाही के लिए विस्तृत समय-सारिणी जारी की गई है।

बैठक में प्रमुख सचिव समाज कल्याण अनुराग यादव सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

भाषा आनन्‍द अमित

अमित