बुलंदशहर, तीन अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र में एक धार्मिक स्थल पर कथित रूप से पेशाब करते हुए एक व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दिनेश कुमार सिंह ने बताया, ‘‘शिकारपुर थाना क्षेत्र के बोहिच गांव में एक धार्मिक स्थल पर एक व्यक्ति द्वारा आपत्तिजनक हरकत किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि कुछ लोगों ने उसे यह हरकत करने के लिए उकसाया और वीडियो भी रिकॉर्ड किया।’’ उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान हर प्रसाद के रूप में हुई है और उसे हिरासत में ले लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस उन लोगों की तलाश कर रही है, जिन्होंने कथित तौर पर आरोपी को इस कृत्य के लिए उकसाया और वीडियो रिकॉर्ड किया।
सिंह ने बताया, ‘‘इस घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र