स्टार्क की कमी अभी महसूस नहीं हुई लेकिन हमें जल्द से जल्द उनकी जरूरत है: मुनाफ पटेल

Ads

स्टार्क की कमी अभी महसूस नहीं हुई लेकिन हमें जल्द से जल्द उनकी जरूरत है: मुनाफ पटेल

  •  
  • Publish Date - April 7, 2026 / 07:59 PM IST,
    Updated On - April 7, 2026 / 07:59 PM IST

नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) दिल्ली कैपिटल्स ने मिचेल स्टार्क की गैरमौजूदगी के बावजूद अपने पहले दो मैच जीत लिए हैं लेकिन गेंदबाजी कोच मुनाफ पटेल चाहते हैं कि यह तेज गेंदबाज जल्द से जल्द टीम से जुड़ें क्योंकि आईपीएल में उनसे बड़ा कोई गेंदबाज नहीं है।

भारत के पूर्व तेज गेंदबाज मुनाफ ने कहा कि स्टार्क के स्तर को देखते हुए इस ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज की तुलना सिर्फ जसप्रीत बुमराह से ही की जा सकती है।

स्टार्क को अब तक क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं मिला है और वह कंधे की चोट से उबर रहे हैं।

गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच से पहले संवाददाताओं से बात करते हुए मुनाफ ने कहा कि वह रोजाना स्टार्क के आने के बारे में पूछते हैं।

मुनाफ ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, ‘‘हमने दो मैच जीत लिए हैं इसलिए उनकी कमी अभी महसूस नहीं हुई है। वह दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों में से एक हैं। आईपीएल में स्टार्क से बड़ा कोई गेंदबाज नहीं है। मुझे सिर्फ बुमराह का ही नाम याद आता है। उनके पास बहुत अनुभव है। वह नई गेंद से 140 किमी प्रति घंटा से अधिक की गति से गेंद को स्विंग कराते हैं। मैं रोजाना टीम के संपर्क में रहता हूं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया हमें इस बारे में जानकारी देगा। हमें अपने मुख्य गेंदबाज के तौर पर उनकी जरूरत है।’’

मुनाफ दिल्ली की टीम में लुंगी एनगिडी, टी नटराजन और आकिब नबी जैसे गेंदबाजों के साथ काम करने का आनंद ले रहे हैं।

जब उनसे उन गेंदबाजों के बारे में पूछा गया जो 150 किमी प्रति घंटा या उससे अधिक की गति से गेंदबाजी करते हैं और अक्सर चोटिल हो जाते हैं तो मुनाफ ने कहा, ‘‘जो गेंदबाज 150 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं वे खेल ही नहीं रहे हैं। अगर वे खेलेंगे नहीं तो चोटिल ही रहेंगे। हम ऐसी प्रणाली से आए हैं जहां आप जितनी अधिक गेंदबाजी करते हैं आपकी लय उतनी ही बेहतर होती है। जब आप चोटिल होते हैं और आपकी लय बिगड़ी हुई होती है तो आप अपने-आप ही चोटिल हो जाते हैं।’’

मुनाफ ने एनगिडी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘‘लुंगी अपनी कुछ कमियों के बावजूद एक बहुत अच्छा गेंदबाज है। वह एक अच्छा इंसान है और दूसरे विदेशी खिलाड़ियों के मुकाबले उसे संभालना आसान है। उसे इस तरह की विकेटों पर गेंदबाजी करने का अच्छा अंदाजा है। वह बहुत तेज गति से गेंदबाजी करने की कोशिश नहीं करता। वह अपने यॉर्कर और धीमी गेंदों का असरदार तरीके से इस्तेमाल करता है।’’

नबी के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘उसे गेंदबाजी करने का बहुत शौक है और उसकी काम करने की लगन भी जबरदस्त है। उसे अभी तक आईपीएल का माहौल पूरी तरह समझ नहीं आया है। उसने रणजी ट्रॉफी में 60 विकेट लिए थे जो कि बहुत बड़ी बात है। वह हमारी टीम के लिए खेलने को पूरी तरह तैयार है। वह किसी भी समय और यहां तक कि ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ के तौर पर भी खेल सकता है।’’

भाषा सुधीर

सुधीर