(अमनप्रीत सिंह)
अहमदाबाद, 13 फरवरी (भाषा) दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन माक्ररम का मानना है कि उनकी टीम टी20 विश्व कप में अभी तक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सकी है लेकिन धीरे धीरे सुधार के साथ नतीजे अच्छे आयेंगे ।
न्यूजीलैंड के खिलाफ ग्रुप डी के मुकाबले से पहले माक्ररम ने स्वीकार किया कि कीवी कोच रॉब वाल्टर को उनकी टीम की ताकत और कमजोरियों के बारे में बखूबी पता है । वॉल्टर पहले दक्षिण अफ्रीका के कई खिलाड़ियों के साथ काम कर चुके हैं ।
माक्ररम ने कहा ,‘‘ वह हम सभी को अच्छे से जानते हैं और उन्हें पता है कि हम कैसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकते हैं या कहां कमजोर पड़ते हैं ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ मेरा मानना है कि एक टीम के रूप में हम सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाये हैं । हमारा फोकस अपनी शत प्रतिशत क्षमता पर खेलना है । अगर प्रदर्शन में सुधार करते रहे तो नतीजे खुद ब खुद मिलेंगे ।’’
उन्होंने स्वीकार किया कि गेंदबाजी में अनुशासन नजर नहीं आ रहा है । पिछले दो मैचों में उनके गेंदबाजों ने 22 अतिरिक्त रन दिये ।
माक्ररम ने कहा ,‘‘ इस प्रारूप में 11 फालतू रन बहुत होते हैं । हम टीम बैठकों में इस पर बात कर रहे हैं । हर गेंदबाज को अपनी ताकत पर खेलना होगा ।’’
अहमदाबाद में दूधिया रोशनी में टीम संयोजन के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि स्पिन और तेज गेंदबाजी में संतुलन रखा जायेगा ।
भाषा मोना नमिता
नमिता