सुदर्शन का शतक, गुजरात टाइटन्स ने आरसीबी को दिया 206 रन का लक्ष्य

Ads

सुदर्शन का शतक, गुजरात टाइटन्स ने आरसीबी को दिया 206 रन का लक्ष्य

  •  
  • Publish Date - April 24, 2026 / 09:41 PM IST,
    Updated On - April 24, 2026 / 09:41 PM IST

बेंगलुरु, 24 अप्रैल (भाषा) गुजरात टाइटन्स ने साई सुदर्शन (100 रन) के शतक की बदौलत शुक्रवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ तीन विकेट पर 205 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।

गुजरात टाइटन्स की पारी के 12.4 ओवर टी20 बल्लेबाजी के बिल्कुल उलट थे जिसमें पूर्व चैंपियन टीम ने यह साबित कर दिया कि इस प्रारूप में बिना आक्रामकता के भी रन बनाए जा सकते हैं।

सुदर्शन ने आईपीएल में अपने तीसरे शतक के लिए 58 गेंद की पारी में 11 चौके और पांच छक्के लगाए। उनकी पारी टीम के लिए मजबूत नींव साबित हुई।

इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपने सलामी जोड़ीदार और कप्तान शुभमन गिल (32 रन, 24 गेंद) के साथ 128 रन की साझेदारी में शुरू से ही पूरी तरह से दबदबा बनाए रखा

सुदर्शन ने पावरप्ले के दौरान 29 जबकि गिल ने सिर्फ सात गेंदें खेली थीं।

तमिलनाडु के 24 साल के तमिलनाडु के इस बल्लेबाज ने पावरप्ले में 46 रन बनाए और फिर 33 गेंदों में बड़े ही शानदार अंदाज में अपना अर्धशतक पूरा किया, जिसके लिए उन्होंने रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर एक जोरदार छक्का जड़ा। वह अपनी इस पारी के दौरान आईपीएल में सबसे तेज 2000 रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गए।

अगले पचास रन उन्होंने और भी तेज गति से बनाए जिसके लिए उन्होंने सिर्फ 24 गेंद लीं। इस दौरान उन्होंने आरसीबी के स्पिन जोड़ी कृणाल पांड्या और सुयश शर्मा को पूरी तरह से बेअसर कर दिया।

क्रुणाल ने सुदर्शन को शांत रखने के लिए अपनी खास बाउंसर गेंद का इस्तेमाल किया, लेकिन यह बल्लेबाज भी पूरी तरह से तैयार था। उसने गेंद को ‘अपर कट’ करते हुए छक्के के लिए बाउंड्री के पार पहुंचा दिया।

इसके बाद उन्होंने इसी गेंदबाज की गेंद पर एक चौका और स्वीप शॉट से एक छक्का जड़ा। जिसके बाद आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार को गेंदबाजी के लिए दूसरे विकल्पों के बारे में सोचना पड़ा।

गिल के आउट होने से मैच की दिशा में कोई खास बदलाव नहीं आया क्योंकि सुदर्शन ने लगातार रन बटोरना जारी रखा। सुयश ने 91 रन के स्कोर पर अपनी ही गेंद पर कैच छोड़कर उन्हें जीवनदान दिया था।

सुदर्शन ने सुयश की गेंद पर एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया, लेकिन वे इसे आगे नहीं बढ़ा पाए और जोश हेजलवुड को एक आसान सा कैच थमा बैठे।

उनके आउट होने से आरसीबी को डेथ ओवर्स में थोड़ी वापसी करने में मदद मिली। 17वें ओवर गुजरात टाइटन्स का स्कोर दो विकेट पर 174 रन था। लेकिन टीम 31 रन ही बना पाई। ये रन भी टीम के लिए पदार्पण करने वाले खिलाड़ी जेसन होल्डर की छोटी सी तेज पारी (नाबाद 23 रन, 10 गेंद ) की बदौलत ही बन पाए।

भाषा नमिता

नमिता