सूर्यकुमार यादव का टी20 विश्व कप ट्रॉफी के साथ अडालज बावड़ी में फोटोशूट हुआ
सूर्यकुमार यादव का टी20 विश्व कप ट्रॉफी के साथ अडालज बावड़ी में फोटोशूट हुआ
अहमदाबाद, नौ मार्च (भाषा) भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव के सोमवार को अडालज बावड़ी में विशेष फोटोशूट के लिए आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप ट्रॉफी के साथ पहुंचते ही उत्सव जैसा माहौल बन गया।
इस ऐतिहासिक स्मारक परिसर और आसपास की सड़कों पर बड़ी संख्या में प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। कई प्रशंसक सूर्यकुमार की एक झलक पाने के लिए आसपास की दीवारों और छतों पर भी चढ़ गए। जैसे ही कप्तान ट्रॉफी के साथ पहुंचे, प्रशंसकों ने ‘इंडिया… इंडिया’ के नारों से माहौल को और भी जोशीला बना दिया।
भारत ने रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप खिताब को अपने नाम किया।
अधिकारियों ने बताया कि अडालत बावड़ी का यह दौरा भारतीय कप्तान और विश्व कप ट्रॉफी के साथ आयोजित एक प्रमोशनल फोटोशूट का हिस्सा था। इससे पहले भी इस ऐतिहासिक स्मारक पर इसी तरह के फोटोशूट आयोजित किए जा चुके हैं।
बड़ी भीड़ को देखते हुए बावड़ी परिसर और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इस दौरान प्रशंसकों ने जयकारे लगाए और हाथ हिलाकर अभिवादन किया जबकि सूर्यकुमार यादव ने स्मारक परिसर के भीतर ट्रॉफी के साथ तस्वीरों के लिए पोज दिए।
‘अडालज नी वाव’ के नाम से प्रसिद्ध यह बावड़ी गुजरात के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों में से एक है और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करती है।
अहमदाबाद से लगभग 18 किलोमीटर दूर स्थित इस बावड़ी का निर्माण वर्ष 1499 में वाघेला शासक राणा वीर सिंह की पत्नी रानी रुदाबाई ने करवाया था। पांच मंजिला यह संरचना अपनी बारीक नक्काशी और विशिष्ट भारतीय-इस्लामिक वास्तुकला शैली के लिए प्रसिद्ध है।
अष्टकोणीय आकार की यह बावड़ी मध्यकालीन दौर में पानी के स्रोत के साथ-साथ यात्रियों के विश्राम स्थल के रूप में भी उपयोग में लाई जाती थी। आज इसके अलंकृत स्तंभ, गलियारे और खूबसूरती से तराशी गई दीवारें इसे गुजरात के सबसे आकर्षक विरासत स्थलों में शामिल करती हैं।
भाषा आनन्द
आनन्द

Facebook


