नयी दिल्ली, 15 फरवरी (भाषा) शीर्ष क्रम के बल्लेबाजी अलीशान शराफू का मानना है कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने पहले भी अफगानिस्तान की चुनौती को तोड़ा है और वह चाहते हैं कि उनके बल्लेबाज सोमवार को यहां होने वाले टी20 विश्व कप के अपने करो या मरो के मुकाबले में स्पिनरों के खिलाफ सीधे शॉट खेलकर उनका सामना करें।
यूएई ने कनाडा के खिलाफ टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत हासिल की लेकिन दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड ग्रुप में क्रमशः छह और चार अंक के साथ शीर्ष दो स्थान पर हैं इसलिए यूएई की क्वालीफिकेशन की उम्मीदें अपने बाकी मैच जीतने और दूसरी टीमों के नतीजे भी अपने पक्ष में रहने पर निर्भर करती है।
पिछले मैच में कनाडा के खिलाफ 150 रन का पीछा करते हुए यूएई का स्कोर चार विकेट पर 66 रन हो गया था क्योंकि शीर्ष और मध्यक्रम के बल्लेबाजों को स्पिनरों के खिलाफ संघर्ष करना पड़ा। लेकिन आर्यांश शर्मा (53 गेंद पर 74 रन) और शोएब खान (29 गेंद पर 51 रन) ने टीम को शानदार वापसी दिलाई।
शराफू ने अफगानिस्तान के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह हमारी टीम के लिए एक अच्छा संकेत है कि पहले मैच में हमारे कुछ खिलाड़ियों ने रन बनाए और दूसरे मैच में दो और खिलाड़ियों ने आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभाई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘तो मुझे लगता है कि बल्लेबाजी इकाई के मामले में यह अच्छा है कि हमारे पास कई खिलाड़ी हैं जो अच्छी फॉर्म में हैं और यह बस इस बात पर निर्भर करता है कि उस दिन कौन अच्छा खेलता है और आप हर बल्लेबाजी को हर दिन आउट होते हुए नहीं देखेंगे।’’
शराफू ने कहा, ‘‘अपने बल्लेबाजों को लेकर हम खुश हैं। अगर कल दो और खिलाड़ी आगे आकर जिम्मेदारी लेंगे तो हमें बहुत खुशी होगी। मैं बस मैदान पर जाकर सकारात्मक रहना चाहता हूं और यह बस इस बात पर निर्भर करता है कि दिन किसका होने वाला है।’’
अफगानिस्तान के पास कप्तान राशिद खान, मुजीब उर रहमान और मोहम्मद नबी के रूप में एक जबरदस्त स्पिन तिकड़ी है और शराफू ने कहा कि उनकी तैयारी सीधे शॉट खेलने पर केंद्रित थी।
उन्होंने कहा, ‘‘बस छोटी-छोटी बातें हैं जैसे आप बस खेलने की कोशिश करते हैं और गेंद को जितना हो सके सीधा मारते हैं। हमने इस बारे में कुछ चर्चा की है। वे कैसे गेंदबाजी करते हैं। अपने स्पैल में शुरुआत कैसे करते हैं और फिर आखिर में वे खुद को कैसे नियंत्रित करते हैं।’’
शराफू ने कहा, ‘‘लेकिन हां, हमने काफी विश्लेषण किया और मैं बस इतना कह सकता हूं कि हमने उन्हें काफी देखा और उनके खिलाफ काफी खेला है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वे एक बेहतरीन टीम हैं और मुझे लगता है कि पहले भी कई बार उनके साथ खेलने के बाद हम खुश हैं कि हम उनके खिलाफ कुछ बार जीते हैं। हमने पहले भी उनकी चुनौती को तोड़ा है।’’
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द