सुथार का काउंटी क्रिकेट में शानदार आगाज, वारविकशर की ओर से झटके दो विकेट

Ads

सुथार का काउंटी क्रिकेट में शानदार आगाज, वारविकशर की ओर से झटके दो विकेट

  •  
  • Publish Date - June 13, 2026 / 04:23 PM IST,
    Updated On - June 13, 2026 / 04:23 PM IST

स्कारबोरो, 13 जून (भाषा) भारत के लिए टेस्ट में यादगार पदार्पण करने वाले बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने काउंटी चैम्पियनशिप डिवीजन वन में वारविकशर की ओर से पदार्पण मैच में यॉर्कशर के खिलाफ पहले दिन दो विकेट हासिल किए।

अफगानिस्तान के खिलाफ इस सप्ताह खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में सात विकेट लेकर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने सुथार ने शुक्रवार को यॉर्कशर के खिलाफ 76 रन पर दो विकेट झटके। यॉर्कशर ने दिन का खेल समाप्त होने तक छह विकेट पर 398 रन बनाए थे।

इस 23 साल के गेंदबाज ने अपने काउंटी करियर का पहला विकेट यॉर्कशर के तीसरे क्रम के बल्लेबाज सैम व्हाइटमैन के रूप में लिया। व्हाइटमैन 55 रन बनाकर आउट हुए।

सुथार ने दिन के अंतिम लम्हों में सलामी बल्लेबाज विलियम लक्सटन को पगबाधा आउट कर यॉर्कशर को बड़ा झटका दिया। लक्सटन ने 261 गेंदों पर 167 रन की मैराथन पारी खेली।

सुथार को मौजूदा काउंटी चैम्पियनशिप के अगले दो दौर के लिए वारविकशर ने अनुबंधित किया है। उनके अगले सप्ताह टॉनटन में समरसेट के खिलाफ भी खेलने की संभावना है।

राजस्थान के इस स्पिनर ने टेस्ट क्रिकेट में भी अपने पहले ही ओवर में विकेट हासिल किया था। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ पहली पारी में 33 रन देकर छह विकेट के साथ शानदार प्रदर्शन किया और दूसरी पारी में 29 रन देकर एक विकेट लिया था। भारत ने वह मैच एक पारी और 300 रन से जीता था।

इस बीच, भारत के अनुभवी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने भी ससेक्स के लिए अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने ग्लैमरगन के खिलाफ 14.2 ओवर में 29 रन देकर चार विकेट चटकाए।

उनादकट की घातक गेंदबाजी की बदौलत ग्लैमरगन की टीम 51.2 ओवर में 155 रन पर सिमट गई।

उनादकट ने 2024 में ससेक्स के साथ दो वर्ष का अनुबंध करने के बाद काउंटी टीम के लिए दोबारा खेलना शुरू किया है।

भाषा आनन्द मोना

मोना