(Stock Market 25 June 2026/ Image Credit: IBC24 News)
नई दिल्ली: Stock Market 25 June 2026: आज 25 जून को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ होने की उम्मीद है। गिफ्ट निफ्टी और वैश्विक बाजारों से मिल रहे सकारात्मक संकेत के कारण निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है। वहीं एशियाई बाजारों से भी मिले-जुले संकेत देखने को मिल रहा है। जापान का निक्केई इंडेक्स करीब 4 प्रतिशत की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है। जबकि हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स गिरावट में है। वहीं, शंघाई कंपोजिट में भी हल्की नरमी दिखाई दे रही है।
24 जून के कारोबारी सत्र में निफ्टी और बैंक निफ्टी ने निचले स्तरों से शानदार वापसी की थी। आईटी, बैंकिंग और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली थी। जिससे निफ्टी फिर से 24,000 के स्तर के ऊपर पहुंच गया। मध्य पूर्व में तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने से निवेशकों की चिंता घटी है। इसका असर बाजार पर भी सकारात्मक रूप से दिखाई दे रहा है।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक निफ्टी के लिए 24,100 से 24,200 का स्तर बेहद महत्वपूर्ण रहेगा। यदि इंडेक्स इस सीमा को पार कर लेता है तो 24,500 तक की तेजी देखने को मिल सकती है। दूसरी ओर 23,800 से 23,750 का स्तर मजबूत सपोर्ट माना जा रहा है। बैंक निफ्टी के लिए 58,500 का स्तर अहम रहेगा। इसके ऊपर जाने पर इंडेक्स 58,800 से 59,000 तक जा सकता है। जबकि 57,500 से 57,400 का दायरा महत्वपूर्ण सपोर्ट के रूप में काम कर सकता है।
आज भारती एयरटेल, IRFC, जुबिलेंट फार्मोवा, HCL टेक्नोलॉजीज, स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज, ICICI प्रूडेंशियल लाइफ, डेल्हीवरी, पाइन लैब्स, शैडोफैक्स टेक्नोलॉजीज और एविएंस बायोमेडिकल्स जैसे शेयर निवेशकों के रडार पर रहेंगे। S&P ग्लोबल रेटिंग्स ने भारती एयरटेल की क्रेडिट रेटिंग बढ़ाई है जिससे कंपनी को फायदा मिल सकता है। वहीं, जुबिलेंट फार्मोवा की सहयोगी कंपनी को टैक्स राहत मिली है। दूसरी ओर HCLTech ने नोकिया के साथ अपनी साझेदारी को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। जिसके तहत AI आधारित नेटवर्क ऑटोमेशन और नई तकनीकों के विकास पर काम किया जाएगा। इन खबरों के चलते इन शेयरों में कारोबार के दौरान गतिविधि देखने को मिल सकती है।
नोट:-शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन होता है। शेयरों, म्यूचुअल फंड्स और अन्य वित्तीय साधनों की कीमतें बाजार की स्थितियों, आर्थिक परिस्थितियों और अन्य कारकों के आधार पर घट-बढ़ सकती हैं। इसमें पूंजी हानि की संभावना भी शामिल है। इस जानकारी का उद्देश्य केवल सामान्य जागरूकता बढ़ाना है और इसे निवेश या वित्तीय सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए।