तनिषी गुप्ता ने दो बार राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा
तनिषी गुप्ता ने दो बार राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा
अहमदाबाद, 19 जून (भाषा) कर्नाटक की तैराक तनिषी गुप्ता ने एक ही दिन में 100 मीटर बटरफ्लाई का राष्ट्रीय रिकॉर्ड दो बार तोड़ा तो वहीं उनकी राज्य की साथी थान्या शदाक्षरी और तमिलनाडु की मिश्रित मेडले रिले टीम ने भी बृहस्पतिवार को यहां राष्ट्रीय एक्वाटिक्स चैंपियनशिप में रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया।
तनिषी ने सबसे पहले हीट में 1:01.97 सेकंड का समय निकालकर नीना वेंकटेश के 1:02.51 सेकंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ा। इसके बाद इस युवा तैराक ने फाइनल में अपने ही प्रदर्शन को और बेहतर किया और 1:00.07 सेकंड में रेस पूरी करके न केवल नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया, बल्कि ‘सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय’ भी हासिल किया।
कर्नाटक की इस तैराक ने महिलाओं की 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा में रजत पदक भी जीता। ओडिशा की प्रत्याशा रे ने 1:04.75 सेकंड में रेस जीती, जबकि तनिषी 1:05.19 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।
वेंकटेश ने 1:05.61 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक से संताोष किया।
महिलाओं की 400 मीटर व्यक्तिगत मेडले में कर्नाटक की थान्या ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4:56.78 सेकंड का समय लिया जिससे उन्होंने राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा और नया सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय दर्ज किया।
तमिलनाडु की टीम (धिवश्री केसवन, धनुष सुरेश, बी बेनेडिक्टन रोहित और दीक्षा शिवकुमार) ने भी मिश्रित चार गुणा 100 मीटर मेडले रिले में रिकॉर्ड बनाने वाला प्रदर्शन किया।
टीम ने 4:01.87 सेकंड में स्वर्ण पदक जीता और इस स्पर्धा में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड और सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय दोनों बनाए।
भाषा नमिता
नमिता

Facebook


