तियानजिन (चीन) सात फरवरी (भाषा) एशियाई खेलों के पदक विजेता और राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक तेजस्विन शंकर ने शनिवार को यहां 12वीं एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हेप्टाथलॉन स्पर्धा के पहले दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान के साथ अपनी पकड़ मजबूत बना ली है।
चार स्पर्धाओं के बाद 27 साल का यह खिलाड़ी कुल 3513 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर हैं। चीन के जिहुई हुआ 3241 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
तेजस्विन डेकाथलॉन के राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक भी हैं। उन्होंने दिन की शुरुआत 60 मीटर दौड़ में 7.11 सेकंड का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय निकालते हुए 844 अंक हासिल किये।
उन्होंने 7.53 मीटर की छलांग के साथ लंबी कूद स्पर्धा से 942 अंक जोड़े। इसके बाद गोला फेंक में 13.63 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास से उन्हें 706 अंक मिले।
दिन की चौथी और अंतिम स्पर्धा ऊंची कूद में तेजस्विन ने 2.23 मीटर का सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और 1021 अंक हासिल कर तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गए।
हेप्टाथलॉन की शेष तीन स्पर्धाएं (60 मीटर बाधा दौड़, पोल वॉल्ट और 1000 मीटर) रविवार को अंतिम दिन आयोजित होंगी।
महिलाओं की 60 मीटर दौड़ में भारत की नित्या गांधी ने 7.49 सेकंड के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ सातवां स्थान हासिल किया। इससे पहले हीट में उन्होंने 7.50 सेकंड का समय निकालकर फाइनल में प्रवेश किया था।
अंतिम दिन पुरुषों की गोला फेंक स्पर्धा में भारत के दो दिग्गज खिलाड़ी तेजिंदरपाल सिंह तूर और समरदीप सिंह गिल मैदान में उतरेंगे।
एशियाई खेलों की पदक विजेता एंसी सोजन महिलाओं की लंबी कूद स्पर्धा में चुनौती पेश करेंगी।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता