एसएलसी के संचालन के लिए सरकार द्वारा अंतरिम पैनल बनाने के बाद आईसीसी टीम श्रीलंका पहुंचेगी

Ads

एसएलसी के संचालन के लिए सरकार द्वारा अंतरिम पैनल बनाने के बाद आईसीसी टीम श्रीलंका पहुंचेगी

  •  
  • Publish Date - May 15, 2026 / 07:53 PM IST,
    Updated On - May 15, 2026 / 07:53 PM IST

कोलंबो, 15 मई (भाषा) भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक शीर्ष अधिकारी सहित आईसीसी की एक उच्च-स्तरीय टीम श्रीलंका पहुंच रही है और यह दौरा श्रीलंका सरकार द्वारा इस द्वीपीय देश के क्रिकेट बोर्ड को चलाने के लिए एक अंतरिम समिति नियुक्त किए जाने के बाद हो रहा है।

सूत्रों के अनुसार आईसीसी के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा शुक्रवार रात यहां पहुंचने वाले हैं।

सूत्रों ने बताया कि उनके बाद शनिवार को आईसीसी के एक और अधिकारी पहुंचेंगे जो बीसीसीआई के भी एक शीर्ष अधिकारी हैं।

खेल मंत्री सुनील कुमारा गमागे ने 29 अप्रैल को श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा और कार्यकारी समिति के इस्तीफे के बाद श्रीलंका क्रिकेट को चलाने के लिए नौ सदस्यों वाले एक अंतरिम पैनल की नियुक्ति की।

इस पैनल की अध्यक्षता विपक्षी राजनेता एरन विक्रमरत्ने करेंगे और इसमें पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कुमार संगकारा, रोशन महानामा और सिदाथ वेट्टिमुनी शामिल होंगे।

इस अंतरिम पैनल का मुख्य कार्य श्रीलंका क्रिकेट में सुधार लागू करना है।

अब तक सिल्वा के नेतृत्व वाली कार्यकारी समिति के इस्तीफे के कारणों को सार्वजनिक नहीं किया गया है जबकि उनके कार्यकाल के अभी 10 महीने शेष थे।

आईसीसी प्रतिनिधिमंडल का यह दौरा गमागे की उन टिप्पणियों के बाद हो रहा है जिनमें उन्होंने कहा था कि सरकार ने अंतरिम पैनल की नियुक्ति के संबंध में खेल की वैश्विक संचालन संस्था (आईसीसी) के साथ कोई आधिकारिक संवाद नहीं किया है।

राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के साथ बैठक के बाद सिल्वा के नेतृत्व वाली कार्यकारी समिति का इस्तीफा आया था।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द