त्रिसा की टखने की चोट से महिला युगल जोड़ी उबेर कप फाइनल से हटी

Ads

त्रिसा की टखने की चोट से महिला युगल जोड़ी उबेर कप फाइनल से हटी

  •  
  • Publish Date - April 17, 2026 / 04:12 PM IST,
    Updated On - April 17, 2026 / 04:12 PM IST

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) भारत की त्रिसा जॉली की टखने की चोट के कारण उनकी और गायत्री गोपीचंद की महिला युगल जोड़ी ने आगामी उबेर कप फाइनल्स से हटने का फैसला किया।

इससे डेनमार्क में भारत के अभियान को करारा झटका लगा।

भारत 24 अप्रैल से तीन मई तक डेनमार्क के होर्सेन्स में होने वाले थॉमस और उबेर कप फाइनल्स में हिस्सा लेगा।

भारतीय युगल कोच बी सुमित रेड्डी ने पीटीआई से कहा, ‘‘दुखद है कि बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के लिए रवाना होने से महज दो तीन दिन पहले त्रिसा का टखना मुड़ गया। ट्रेनिंग के दौरान यह दुर्घटना हुई जब उनका पैर उनकी जोड़ीदार के पैर पर पड़ गया। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘वह अभी आराम कर रही हैं और ‘रिहैबिलिटेशन’ करेंगी। यह बड़ी चोट नहीं है, चार हफ्तों में यह ठीक हो जाना चाहिए। वह मई के अंत में होने वाले सिंगापुर ओपन में वापसी की कोशिश करेंगी। ’’

त्रिसा के कंधे की वजह से पिछले महीने भी यह भारतीय जोड़ी स्विस ओपन से हट गई थी। बासेल में पहले दौर के शुरूआती गेम में यह जोड़ी चीनी ताइपे की हु लिंग फांग और झेंग यु चिएह की जोड़ी से पिछड़ रही थी जिसके बाद उन्हें रिटायर होना पड़ा।

सुमित ने कहा, ‘‘युगल में इस तरह की मामूली चोट होती रहती हैं। उसे (त्रिसा) को पहले कंधे की समस्या हुई थी लेकिन अब यह ठीक है। ’’

भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) ने उनकी जगह अब श्रुति मिश्रा और प्रिया कोंजेंगबाम को चुना है जिनकी विश्व रैंकिंग 48 है। यह जोड़ी उस भारतीय टीम का हिस्सा थी जिसने 2024 में बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था।

वहीं सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी थॉमस कप फाइनल्स की तैयारी के लिए पहले ही डेनमार्क के लिए रवाना होंगे।

सुमित ने कहा, ‘‘वे टूर्नामेंट से कुछ दिन पहले डेनमार्क में ट्रेनिंग करना चाहते हैं। वे कल रवाना होंगे। ’’

विश्व रैंकिंग पर चौथे स्थान पर काबिज सात्विक और चिराग की जोड़ी ने भी मार्च में स्विस ओपन क्वार्टरफाइनल से हटने का फैसला किया था। ऐसा सात्विक की कंधे की चेाट के कारण हुआ था। इस जोड़ी ने इस हफ्ते के शुरू में बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में भी हिस्सा नहीं लिया था।

भारतीय पुरुष और महिला टीम ग्रुप ए में शामिल है।

2022 में ऐतिहासिक खिताब जीतने वाली पुरुष टीम को गत चैंपियन चीन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया के साथ रखा गया है।

महिला टीम का सामना गत चैंपियन और 16 दफा की विजेता चीन, मेजबान डेनमार्क और यूक्रेन से होगा।

भाषा नमिता मोना

मोना