लखनऊ, 12 अप्रैल (भाषा) भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा का मानना है कि मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान ‘हार्ड लेंथ’ और बाउंसर में विविधता सहित चतुराई से ‘चेंज-अप’ का उपयोग करना उनके लिए कारगर साबित हुआ है।
प्रसिद्ध ने रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 28 रन देकर चार विकेट लिए और मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने एक विकेट हार्ड लेंथ गेंद, एक विकेट बैक ऑफ लेंथ और दो विकेट ऑफ-कटर बाउंसर की विविधताओं के साथ चटकाए।
उन्होंने कहा, “यह (चेंज-अप) हार्ड लेंथ, बाउंसर और ऑफ-कटर का मिश्रण है। ज्यादातर बल्लेबाज बाउंसर के हिसाब से खेल रहे थे, इसलिए मैंने बदलाव किया और यह हमारे लिए काम आया।”
प्रसिद्ध ने जिस गेंद पर मुकुल चौधरी को आउट किया, उसे मैच की सबसे बेहतरीन गेंदों में से एक माना जा रहा है।
उन्होंने ऑफ-ब्रेक ग्रिप से गेंद डाली और कलाई का इस्तेमाल करते हुए शॉर्ट गेंद को अलग अंदाज में उछाला, जिससे बल्लेबाज कैच आउट हो गए।
कर्नाटक के लंबे कद के इस गेंदबाज ने कहा कि शॉर्ट बॉल का इस्तेमाल पिच की स्थिति पर निर्भर करता है।
उन्होंने कहा, “गेंदबाज के पास यॉर्कर, लेंथ और बाउंसर जैसे कई विकल्प होते हैं। हम परिस्थितियों के हिसाब से उनका उपयोग करते हैं और जिस गेंद से फायदा मिलता है, उसी पर टिक जाते हैं।”
प्रसिद्ध ने माना कि लखनऊ के इकाना स्टेडियम की पिच चुनौतीपूर्ण थी और यहां बल्लेबाजों व गेंदबाजों दोनों के लिए परिस्थितियाँ कठिन रहीं।
उन्होंने कहा, “अगर लाइन सही नहीं हो तो गेंद बल्ले पर अच्छी तरह नहीं आती। पावरप्ले में हमने कुछ गलतियां कीं, लेकिन बाद में सुधार किया।”
प्रसिद्ध ने टीम के मुख्य कोच आशीष नेहरा की तारीफ करते हुए कहा, “नेहरा जैसे अनुभवी खिलाड़ी से हमें बहुत कुछ सीखने को मिलता है। वे अलग-अलग समय पर हमें सुझाव देते हैं, चाहे कॉफी ब्रेक हो या डिनर के दौरान बातचीत। उनका अनुभव हमारे लिए बहुत उपयोगी है।”
भाषा
आनन्द नमिता
नमिता