कोलकाता, 23 मई (भाषा) मुख्य कोच अभिषेक नायर ने वरुण चक्रवर्ती को कोलकाता नाइट राइडर्स टीम के सबसे मजबूत किरदारों में से एक बताते हुए कहा कि इस भारतीय ‘मिस्ट्री स्पिनर’ का फ्रेंचाइजी के साथ जो भावनात्मक जुड़ाव है, उसी की वजह से वह इस सत्र में बार-बार दर्द के बावजूद खेलते रहे।
वरुण टी20 टीम में भारत के मुख्य खिलाड़ी हैं। वह पहले उंगली में फ्रैक्चर से जूझ रहे थे और हाल में उनके पैर के अंगूठे में चोट लग गई थी। इसके बावजूद उन्होंने खेलना जारी रखा।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने इस मामले पर संज्ञान लिया है क्योंकि टीम 26 जून से आयरलैंड दौरे के साथ शुरू होने वाले ब्रिटेन दौरे के लिए तैयार है।
नायर ने यहां मैच की पूर्व संध्या पर मीडिया से बातचीत में कहा, ‘‘इस टूर्नामेंट में अब तक उनके शरीर के कई हिस्सों में चोट लग चुकी है, पहले दो उंगलियों में और अब उनके पैर के अंगूठे में। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन मैं हमेशा कहता हूं कि सबसे मजबूत लोग दर्द और मुश्किलों को पार करना सीख जाते हैं। और वरुण चक्रवर्ती भी ऐसे ही इंसान हैं। जब आप उनसे बात करते हैं, तो शायद वह आपको बहुत मजबूत इंसान नहीं लगें, लेकिन अंदर से वह बहुत ज्यादा प्रेरित हैं और फ्रेंचाइजी के लिए बहुत गहरा जुड़ाव महसूस करते हैं। ’’
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द