वरुण अब भी नंबर एक टी20 गेंदबाज हैं: डेरेन सैमी

वरुण अब भी नंबर एक टी20 गेंदबाज हैं: डेरेन सैमी

वरुण अब भी नंबर एक टी20 गेंदबाज हैं: डेरेन सैमी
Modified Date: February 28, 2026 / 07:59 pm IST
Published Date: February 28, 2026 7:59 pm IST

कोलकाता, 28 फरवरी (भाषा) वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डेरेन सैमी ने रविवार को यहां ईडन गार्डन्स में टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ अपने ‘वर्चुअल क्वार्टरफाइनल’ से पहले कहा कि पिछले दो मैच में रन लुटाने के बावजूद वरुण चक्रवर्ती टी20 क्रिकेट में दुनिया के नंबर एक गेंदबाज बने हुए हैं।

चक्रवर्ती ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने चार ओवर में 47 रन दिए। भारत के पिछले सुपर आठ मैच में जिम्बाब्वे जैसी कमजोर टीम के खिलाफ भी उन्हें संघर्ष करना पड़ा।

लेकिन सैमी ने साफ किया कि कुछ खराब प्रदर्शन से चक्रवर्ती का नंबर एक गेंदबाज होने का रुतबा कम नहीं होता।

सैमी ने शनिवार को मैच से पहले मीडिया से बातचीत में कहा, ‘‘पिछली बार जब मैंने देखा था तो मुझे लगता है कि वह टी20 क्रिकेट में नंबर एक गेंदबाज थे। हम हर प्रतिद्वंद्वी टीम का सम्मान करते हैं। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘क्या हमारे पास हर गेंदबाज के खिलाफ और उनके हर बल्लेबाज के खिलाफ योजना है तो हां, हम पूरा मैच खेलते हैं। टीम बेहतरीन है, उनके पास मैच विजेता हैं, ठीक वैसे ही जैसे हमारे पास हैं। और यह इस बात की लड़ाई है कि कौन बल्ले और गेंद से अच्छा खेलता है। मुझे उम्मीद है कि यह एक रोमांचक मैच होगा। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम इसी पर फोकस कर रहे हैं। हम सभी मैच में फायदा कैसे उठा सकते हैं और असरदार रन बनाकर जीत कैसे दिला सकते हैं। ’’

वेस्टइंडीज के एक और खिताब की तलाश में भारत सबसे बड़ी रुकावट बना हुआ है और इस मुकाबले की विजेता पांच मार्च को वानखेड़े में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल से भिड़ंत पक्की कर लेगी।

सैमी ने मैच की अहमियत को बहुत बड़ा करार किया जिसमें वे ईडन गार्डन्स में मौजूद 80,000 दर्शकों के समर्थन का सामना करेंगे और उम्मीद कर रहे हैं कि वेस्टइंडीज अच्छा खेल दिखाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं समझता हूं कि इस मैच का क्या मतलब है। यह एक नॉकआउट है। आप जीतते हैं तो आगे बढ़ेंगे। लेकिन अगर हारते हैं तो आप उन सभी ‘क्या-अगर’ के बारे में सोचना शुरू कर देते हैं जो हो सकते थे। ’’

सैमी ने कहा, ‘‘सेमीफाइनल में पहुंचना हमारे लिए बहुत बड़ा जश्न होगा। ’’

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में