विनीसियस जूनियर और राफिन्हा भारत के साथ मुकाबले के लिए ब्राजील की टीम में

विनीसियस जूनियर और राफिन्हा भारत के साथ मुकाबले के लिए ब्राजील की टीम में

विनीसियस जूनियर और राफिन्हा भारत के साथ मुकाबले के लिए ब्राजील की टीम में
Modified Date: September 10, 2026 / 11:05 am IST
Published Date: September 10, 2026 11:05 am IST

नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) रियाल मैड्रिड के स्टार फॉरवर्ड विनीसियस जूनियर, बार्सिलोना के विंगर राफिन्हा और पेरिस सेंट-जर्मेन के अनुभवी खिलाड़ी मार्क्विनहोस को तीन अक्टूबर को भारत के खिलाफ होने वाले ऐतिहासिक फुटबॉल मुकाबले के लिए ब्राजील की 26 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है।

भारतीय फुटबॉल के इतिहास में इस ऐतिहासिक मुकाबले में ब्राजील की टीम स्थानीय समयानुसार शाम 7:30 बजे कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में भारत का सामना करेगी। यह पहला अवसर होगा जबकि यह दोनों टीम आमने-सामने होंगी।

ब्राजील की टीम इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के दौरे में दो मैच खेलेगी। ये मैच 25 सितंबर को टाउन्सविले में और 29 सितंबर को ब्रिस्बेन में खेले जाएंगे।

ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने बुधवार को रियो डी जनेरियो में ब्राजील फुटबॉल महासंघ (सीबीएफ) के मुख्यालय में विश्व कप के बाद अपनी पहली टीम की घोषणा की।

विनीसियस, राफिन्हा और मार्क्विनहोस टीम में शामिल अनुभवी खिलाड़ी हैं। इनके अलावा आर्सेनल की तरफ से खेलने वाले गेब्रियल मैगलहेस और ब्रूनो गुइमारेस को भी टीम में बनाए रखा गया है।

एंसेलोटी ने टीम में कई ऐसे खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया है जो 2028 के लॉस एंजिलिस ओलंपिक में खेलने की पात्रता रखते हों। विश्व कप में ब्राजील की कप्तानी करने वाले मार्क्विनहोस टीम के सबसे अनुभवी सदस्य हैं। विश्व कप में पांच बार की चैंपियन ब्राजील को राउंड ऑफ 16 में नॉर्वे ने हरा दिया था।

एंसेलोटी ने कहा, ‘‘हमें संतुलित टीम तैयार करनी होगी जिसमें पिछले सत्र में खेलने वाले खिलाड़ियों के अलावा युवा खिलाड़ी भी शामिल हों। हमारा मकसद प्रतिस्पर्धा बनाए रखते हुए भविष्य के लिए कुछ मजबूत आधार तैयार करना है।’’

सबसे अहम बदलाव डिफेंस में देखने को मिले हैं क्योंकि ब्राजील ने विश्व कप के लिए चुने गए गोलकीपरों की तिकड़ी एलिसन, एडर्सन और वेवर्टन को टीम से बाहर कर दिया है। उसने ह्यूगो सूजा को पहली पसंद के गोलकीपर के रूप में टीम में शामिल किया है। पेड्रो मोरिस्को और ओटावियो टीम में शामिल दो अन्य गोलकीपर हैं।

रक्षापंक्ति में मार्क्विनहोस और मैगलहेस जैसे खिलाड़ियों के साथ आर्थर डायस, जायर, मैथ्यूज़िन्हो और माउरो जूनियर जैसे युवा खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।

एंसेलोटी ने कहा, ‘‘हम प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों पर नजर रख रहे हैं। हम युवा टीमों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं क्योंकि हम यह जानना चाहते हैं कि कौन से खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय टीम के लिए महत्वपूर्ण साबित सकते हैं। जब वे तैयार हों, तब हमें उन्हें अवसर देना होगा।’’

टीम में 20 साल या उससे कम उम्र के छह खिलाड़ी हैं, जबकि आठ खिलाड़ी सीनियर वर्ग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदार्पण करने के लिए तैयार हैं।

ब्राजील की टीम इस प्रकार है:

गोलकीपर: ह्यूगो सूजा (कोरिंथियंस), पेड्रो मोरिस्को (कोरीतिबा), ओटावियो (क्रूज़िरो)।

डिफेंडर : आर्थर डायस (एथलेटिको-पीआर), डगलस सैंटोस (जेनिट), गेब्रियल मैगलहेस (आर्सेनल), जायर (नॉटिंघम फ़ॉरेस्ट), मार्क्विनहोस (पीएसजी), मैथ्यूज़िन्हो (कोरिंथियंस), माउरो जूनियर (पीएसवी आइंडहोवेन), विटोर रीस (मैनचेस्टर सिटी), वेस्ले (रोम)।

मिडफील्डर: एंड्री सैंटोस (मैनचेस्टर यूनाइटेड), ब्रेनो बिडोन (कोरिंथियंस), ब्रूनो गुइमारेस (आर्सेनल), डेनिलो सैंटोस (बोटाफोगो), डगलस लुइज़ (जुवेंटस), गेब्रियल बोंटेम्पो (सैंटोस)।

फॉरवर्ड: एंड्रिक (रियल मैड्रिड), स्टीफन (चेल्सी), जोआओ पेड्रो (चेल्सी), पेड्रो (फ्लैमेंगो), रफिन्हा (बार्सिलोना), रेयान (बोर्नमाउथ), सैमुअल लिनो (फ्लैमेंगो) और विनीसियस जूनियर (रियाल मैड्रिड)।

भाषा

पंत

पंत


लेखक के बारे में