विराट कोहली ने एकदिवसीय क्रिकेटर में पूरे किए 15 हजार रन

विराट कोहली ने एकदिवसीय क्रिकेटर में पूरे किए 15 हजार रन

विराट कोहली ने एकदिवसीय क्रिकेटर में पूरे किए 15 हजार रन
Modified Date: September 27, 2026 / 08:52 pm IST
Published Date: September 27, 2026 8:52 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 27 सितंबर (भाषा) दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने रविवार को एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय में 15 हजार रन पूरे कर लिए और महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले इतिहास के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बन गए।

कोहली ने यहां ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहले एकदिवसीय मुकाबले के दौरान यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने अल्जारी जोसेफ की गेंद पर मिडविकेट की दिशा में शानदार पुल शॉट से चौका जड़ा और 15,000 रन पूरे किए। इसके बाद उन्होंने दर्शकों का अभिवादन करते हुए दोनों हाथ हवा में उठाकर जश्न मनाया।

कोहली अक्टूबर 2025 में श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा को पीछे छोड़ने के बाद से एकदिवसीय प्रारूप में सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। संगकारा ने 50 ओवर के क्रिकेट में 14,243 रन बनाए हैं और वह इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं।

इस सूची में चौथे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग हैं जिन्होंने 375 एकदिवसीय मुकाबलों में 13,704 रन बनाए हैं। श्रीलंका के पूर्व सलामी बल्लेबाज सनथ जयसूर्या 448 मैच में 13,430 रन के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

कोहली ने रविवार को कैरेबियाई टीम के खिलाफ 296 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इस प्रारूप में अपना 80वां अर्धशतक भी केवल 40 गेंद में पूरा किया।

कोहली के नाम एकदिवसीय प्रारूप में सर्वाधिक 54 शतक का रिकॉर्ड भी है। उन्होंने अपना 50वां शतक 2023 एकदिवसीय विश्व कप के मुंबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में लगाया था।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता


लेखक के बारे में