खेलमंत्री से मिले वाडा प्रमुख, डोप नियंत्रण उपायों के प्रभावी अमल पर हुई चर्चा

Ads

खेलमंत्री से मिले वाडा प्रमुख, डोप नियंत्रण उपायों के प्रभावी अमल पर हुई चर्चा

  •  
  • Publish Date - April 15, 2026 / 07:41 PM IST,
    Updated On - April 15, 2026 / 07:41 PM IST

नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) भारत दौरे पर आये विश्व डोपिंग निरोधक एजेंसी के अध्यक्ष विटोल्ड बांका ने बुधवार को खेलमंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात करके देश में वैश्विक मानदंडों के अनुरूप डोपिंग निरोधक उपायों पर प्रभावी ढंग से लागू करने पर बात की ।

बांका ने सोमवार को राष्ट्रीय डोपिंग निरोधक एजेंसी के अधिकारियों से मुलाकात करके भारत में खेल की शुचिता की रक्षा के लिये अत्यावश्यक और गंभीर चर्चा की थी । वह बृहस्पतिवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करेंगे जिसमें डोपिंग में भारत के खराब रिकॉर्ड के मसले पर भी बात होगी ।

मांडविया ने एक्स पर लिखा ,‘‘ विश्व डोपिंग निरोधक एजेंसी के अध्यक्ष विटोल्ड बांका से दिल्ली में अच्छी मुलाकात हुई । प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत स्वच्छ खेलों की मजबूत संस्कृति के विकास के लिये प्रतिबद्ध है जिसमें प्रतिस्पर्धा की सच्ची भावना सुरक्षित रहती है ।’’

बांका ने कहा ,‘‘ भारत के युवा कार्य और खेल तथा श्रम और रोजगार मंत्री डॉक्टर मनसुख मांडविया से मुलाकात करके खुशी हुई । हमने डोपिंग निरोधक प्रयासों को आगे बढाने और खेलों की शुचिता को मजबूत बनाने पर चर्चा की, जिसमें वैश्विक मानदंडों के अनुरूप निरंतर प्रगति और प्रभावी अमल को भी शामिल किया गया ।’’

इससे पहले बांका ने संगठित डोपिंग और इसके पीछे काम करने वाले आपराधिक नेटवर्क से निपटने में सहयोग पर चर्चा के लिये सीबीआई के विशेष निदेशक मनोज शशिधर से मुलाकात की ।

बांका ने एक्स पर लिखा ,‘‘ केंद्रीय जांच ब्यूरो के विशेष निदेशक मनोज शशिधर से दिल्ली में अहम मुलाकात हुई । वैश्विक डोपिंग निरोधक खुफिया और जांच नेटवर्क के हिस्से के तौर पर हमने संगठित डोपिंग और इसके पीछे सक्रिय आपराधिक नेटवर्क से निपटने के लिये कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ करीबी सहयोग पर जोर दिया ।’’

उन्होंने मंगलवार को खेल सचिव हरि रंजन राव से मुलाकात की थी ।

पिछले साल वाडा के दस साल के वैश्विक अध्ययन में भारत डोपिंग के मामले में दूसरा सबसे खराब रिकॉर्ड रखने वाला देश बना । लगातार तीसरे साल डोप उल्लंघन के सर्वाधिक मामलों की सूची में भारत शीर्ष पर रहा ।

खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने हाल ही में संसद में कहा था कि नाडा का खुफिया और जांच का ढांचा मजबूत करने के लिये सीबीआई जैसी एजेंसियों की मदद ली जा रही है ।

भाषा

मोना सुधीर

सुधीर