महिला वनडे रैंकिंग: इंग्लैंड ने भारत पर अपनी बढ़त बढ़ाई

Ads

महिला वनडे रैंकिंग: इंग्लैंड ने भारत पर अपनी बढ़त बढ़ाई

  •  
  • Publish Date - May 1, 2026 / 05:36 PM IST,
    Updated On - May 1, 2026 / 05:36 PM IST

नयी दिल्ली, एक मई (भाषा) इंग्लैंड ने ताजा महिला वनडे रैंकिंग में मौजूदा विश्व चैंपियन भारत पर अपनी बढ़त बढ़ा ली है और चार अंक की बढ़त से दूसरे स्थान पर है जबकि हरमनप्रीत कौर की टीम इस सूची में तीसरे स्थान पर है।

ऑस्ट्रेलिया 163 रैंकिंग अंक के साथ तालिका में शीर्ष पर बरकरार है।

पिछले साल दक्षिण अफ्रीका पर जीत के साथ अपना पहला वनडे विश्व कप खिताब जीतने वाली भारतीय महिला टीम ने तब से तीन वनडे खेले हैं जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने श्रृंखला 3-0 से क्लीन स्वीप की।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘इंग्लैंड ने भारत पर अपनी बढ़त एक अंक से बढ़ाकर चार अंक कर ली है और वह 128 अंकों पर है। भारत (124), दक्षिण अफ्रीका (100), न्यूजीलैंड (93) और श्रीलंका (89) अन्य टीमें हैं जिन्होंने अपनी स्थिति बरकरार रखी है। ’’

पिछली रैंकिंग में भारत के पास 125 अंक थे जो इंग्लैंड के 126 अंक से महज एक कम था।

वहीं चार अंकों की गिरावट के बावजूद ऑस्ट्रेलिया रैंकिंग में शीर्ष पर बना हुआ है।

श्रीलंका को अपडेट के बाद छह अंकों का फायदा हुआ है जिससे न्यूजीलैंड के साथ उसका अंतर 13 से घटकर चार हो गया है जबकि बांग्लादेश ने पाकिस्तान को पीछे छोड़कर सातवां स्थान हासिल कर लिया है।

विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘थाईलैंड और नीदरलैंड फिलहाल तालिका से बाहर हो गए हैं, क्योंकि उन्होंने पिछले तीन वर्षों में जरूरी आठ वनडे नहीं खेले हैं। अपनी रैंकिंग वापस पाने के लिए थाईलैंड को एक और वनडे और नीदरलैंड को दो और वनडे खेलने होंगे। ’’

भाषा नमिता पंत

पंत