विश्व चैम्पियनशिप : लंबी कूद में श्रीशंकर, स्टीपलचेस में पारूल फाइनल की दौड़ से बाहर

Ads

विश्व चैम्पियनशिप : लंबी कूद में श्रीशंकर, स्टीपलचेस में पारूल फाइनल की दौड़ से बाहर

  •  
  • Publish Date - September 15, 2025 / 07:09 PM IST,
    Updated On - September 15, 2025 / 07:09 PM IST

तोक्यो, 15 सितंबर (भाषा) भारत के लंबी कूद के स्टार खिलाड़ी मुरली श्रीशंकर विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के फाइनल के लिये क्वालीफाई नहीं कर सके और 14वें स्थान पर रहे ।

तीसरी बार विश्व चैम्पियनशिप खेल रहे श्रीशंकर ग्रुप ए क्वालीफिकेशन दौर में तीन प्रयासों में सर्वश्रेष्ठ कूद 7 . 78 मीटर की ही लगा सके जो पिछले तीन साल से अधिक समय में उनका सबसे खराब प्रदर्शन है । वह 37 प्रतियोगियों में 25वें स्थान पर रहे ।

स्वत: क्वालीफिकेशन का 8 . 15 मीटर का आंकड़ा छूने वाले या 12 सर्वश्रेष्ठ प्रतियोगियों ने फाइनल में जगह बनाई ।

श्रीशंकर अमेरिका के यूजीन में 2022 में हुई विश्व चैम्पियनशिप के फाइनल में पहुंचकर सातवें स्थान पर रहे थे । घुटने की चोट और सर्जरी के कारण वह पेरिस ओलंपिक समेत 2024 में अधिकांश टूर्नामेंटों से बाहर रहे थे ।

उनका सर्वश्रेष्ठ निजी प्रदर्शन 8 . 41 मीटर है जो उन्होंने 2023 में किया था ।

राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी पारूल चौधरी और अंकिता ध्यानी महिलाओं की स्टीपलसचेस स्पर्धा में अपनी हीट में क्रमश: नौवे ओर 11वें स्थान पर रही ।

पारूल कुल 20वें और अंकिता 35वें स्थान पर रही । पारूल ने नौ मिनट 22 . 24 सेकंड का समय लिया जबकि उनका राष्ट्रीय रिकॉर्ड नौ मिनट 12 . 46 सेकंड का है । वह बुडापेस्ट में 2023 विश्व चैम्पियनशिप फाइनल में पहुंचकर दसवें स्थान पर रही थी ।

अंकिता को चैम्पियनशिप में दूसरे देशों के कुछ एथलीटों के ऐन मौके पर नाम वापिस लेने के बाद जगह मिली थी । उसने दस मिनट 03.22 सेकंड का समय लिया ।

पुरूषों की 110 मीटर बाधा दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी तेजस शिरसे आठ खिलाड़ियों की हीट में छठे स्थान पर रहकर फाइनल में नहीं पहुंच सके ।

भाषा

मोना नमिता

नमिता