डब्ल्यूटीटी : देसाई-घोरपडे मिश्रित युगल के फाइनल में, साथियान पुरुष एकल क्वार्टर में
डब्ल्यूटीटी : देसाई-घोरपडे मिश्रित युगल के फाइनल में, साथियान पुरुष एकल क्वार्टर में
चेन्नई, 14 फरवरी (भाषा) हरमीत देसाई और यशस्विनी घोरपडे की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने शनिवार को यहां डब्ल्यूटीटी स्टार कंटेंडर चेन्नई 2026 के मिश्रित युगल फाइनल में जगह बनाई जबकि जी साथियान पुरुष एकल क्वार्टरफाइनल में पहुंचे।
देसाई और घोरपडे ने मिश्रित युगल सेमीफाइनल में पायस जैन और सिंड्रेला दास की भारत की वाइल्डकार्ड जोड़ी को 3-0 (11-9, 11-6, 11-9) से हराया।
अब उनका सामना एडुआर्ड आयोनेस्कु और बर्नाडेटे जोक्स की दूसरी वरीयता प्राप्त रोमानियाई जोड़ी से होगा।
इससे पहले साथियान ने पुरुष एकल में भारत की उम्मीदों को जीवंत रखते हुए 1-2 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की और आयोनेस्कु को 3-2 (9-11, 11-3, 10-12, 11-7, 11-5) से हराकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया।
अब उनका सामना चेक गणराज्य के लुबोमीर जानकारिक से होगा, जिन्होंने भारत के मानुष शाह को 3-1 (11-4, 13-11, 5-11, 13-11) से हराया।
महिला एकल में भारत की चुनौती समाप्त हो गई जब क्वालीफायर नित्या मणि प्री-क्वार्टरफाइनल में हार गईं।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द

Facebook


