जिम्बाब्वे टी20 विश्व कप सुपर आठ में, आस्ट्रेलिया बाहर

Ads

जिम्बाब्वे टी20 विश्व कप सुपर आठ में, आस्ट्रेलिया बाहर

  •  
  • Publish Date - February 17, 2026 / 06:45 PM IST,
    Updated On - February 17, 2026 / 06:45 PM IST

पाल्लेकल, 17 फरवरी ( भाषा ) जिम्बाब्वे ने आयरलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप ग्रुप बी का मैच बारिश में धुलने के बाद सुपर आठ में प्रवेश कर लिया जबकि पूर्व चैम्पियन आस्ट्रेलिया और आयरलैंड टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं ।

दोनों टीमों को एक एक अंक मिला जिससे जिम्बाब्वे के पांच अंक हो गए । अब 26 फरवरी को पहले सुपर आठ मुकाबले में चेन्नई में जिम्बाब्वे का सामना भारत से होगा ।

जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने कहा ,‘‘ हमने अभी लक्ष्य हासिल नहीं किया है, बस उसकी ओर कदम बढाया है । थोड़ा बहुत जश्न होगा लेकिन फोकस अगले मैच पर है ।’’

पिछली बार टूर्नामेंट में क्वालीफाई करने से चूकी जिम्बाब्वे सुपर आठ में पहुंचने वाली सातवीं टीम बन गई । ग्रुप वन में भारत, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज भी सुपर आठ में पहुंच गए हैं ।

जिम्बाब्वे को आखिरी ग्रुप मैच 19 फरवरी को श्रीलंका से खेलना है । श्रीलंका छह अंक लेकर पहले ही सुपर आठ में पहुंच चुका है । आस्ट्रेलिया के दो अंक है जिसे जिम्बाब्वे और श्रीलंका ने हराया ।

ग्रुप दो में श्रीलंका, इंग्लैंड , न्यूजीलैंड , पाकिस्तान या अमेरिका होंगे ।

रजा ने कहा ,‘‘ मैं और कोच मिलकर श्रीलंकाई टीम के बारे में विश्लेषण करेंगे और यह मैच जीतने की कोशिश करेंगे । क्वालीफाइंग से हमारा लक्ष्य नहीं बदला है । हमें यह मैच भी जीतना है ।’’

पूर्व चैम्पियन आस्ट्रेलिया को जिम्बाब्वे के दोनों मैच हारने के बाद ही सुपर आठ में जगह मिलनी थी लेकिन बारिश ने उसके इरादों पर पानी फेर दिया ।

भाषा

मोना आनन्द

आनन्द