गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में एक आरोपी ने पुलिस कस्टडी में आत्महत्या कर ली है। मृतक धारा 420 का आरोपी था। पुलिस कस्टडी में आरोपी के आत्महत्या करने से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया है। घटना गरियाबंद के पांडुका थाने की है।
बताया जा रहा है कि आरोपी सुनील श्रीवास्तव ने बाथरुम जाने और लोहे के दरवाजे को अंदर से बंद कर लेने के बाद अपनी ही शर्ट से फांसी लगा ली। मृतक अभनपुर स्थित जायका ऑटोमोबाइल का सेल्समैन था। उसे धोखाधड़ी के आरोप में पांडुका थाना लाया गया था। आरोपी के आत्महत्या किए जाने की खबर मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
यह भी पढ़ें : सुप्रीम कोर्ट से विपक्ष के 21 दलों को झटका, ईवीएम-वीवीपैट मामले में याचिका खारिज.. देखिए
पुलिस अधीक्षक व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच जांच में जुट गए हैं। मजिस्ट्रेट भी मौके पर पहुंचे हैं। वहीं विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के रुप में थाना प्रभारी समेत 5 अन्य को निलंबित कर दिया है। साथ ही न्यायिक जांच अनुमति भी दे दी गई है।