कंगना रनौत के मुंबई पहुंचने से पहले हवाईअड्डे के निकट सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम:पुलिसकर्मी

कंगना रनौत के मुंबई पहुंचने से पहले हवाईअड्डे के निकट सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम:पुलिसकर्मी

कंगना रनौत के मुंबई पहुंचने से पहले हवाईअड्डे के निकट सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम:पुलिसकर्मी
Modified Date: November 29, 2022 / 07:55 pm IST
Published Date: September 9, 2020 5:07 am IST

मुंबई, नौ सितंबर (भाषा) अभिनेत्री कंगना रनौत के यहां पहुंचने से पहले मुंबई पुलिस ने हवाई अड्डे के बाहर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किये हैं। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद अभिनेत्री द्वारा मुंबई पुलिस पर की गई टिप्पणी को लेकर महाराष्ट्र की सत्तारूढ़ पार्टी शिवसेना और उनके बीच वाक् युद्ध जारी है। रनौत के दोपहर में हवाईअड्डे पहुंचने की संभावना है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ” हमने किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए हवाईअड्डे के निकट सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए हैं।”

हाल में कंगना ने मुंबई की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से की थी। उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें ‘मूवी माफिया’ से ज्यादा मुंबई पुलिस से डर लगता है और वह चाहेंगी कि उन्हें या तो गृह राज्य हिमाचल प्रदेश से या केंद्र सरकार से सुरक्षा मिले।

अभिनेत्री ने ट्वीट में यह भी कहा था कि वह हिमाचल प्रदेश से नौ सितंबर को मुंबई आ रही हैं और किसी की हिम्मत है तो उन्हें रोक कर दिखाए।

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने मंगलवार को कहा था कि रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) के कार्यकर्ता मुंबई पहुंचने पर अभिनेत्री को सुरक्षा देंगे।

भाषा स्नेहा शोभना

शोभना


लेखक के बारे में