किसान आंदोलन को बदनाम करने का ‘षडयंत्र’ कर रही है भाजपा : लल्‍लू

किसान आंदोलन को बदनाम करने का ‘षडयंत्र’ कर रही है भाजपा : लल्‍लू

किसान आंदोलन को बदनाम करने का ‘षडयंत्र’ कर रही है भाजपा : लल्‍लू
Modified Date: November 29, 2022 / 08:26 pm IST
Published Date: December 11, 2020 2:56 pm IST

लखनऊ, 11 दिसंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार ‘लल्लू’ ने शुक्रवार को कहा कि किसानों द्वारा अपने जायज हक के लिए जारी आन्दोलन और ‘भारत बंद’ की व्यापक सफलता से भयभीत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उनकी सरकारें किसान आंदोलन को बदनाम करने का ‘‘षडयंत्र और कुचक्र’’ करती प्रतीत हो रही हैं।

शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी की ओर से जारी एक बयान में लल्‍लू ने कहा कि देश के किसानों को एक तरफ आतंकवादी और भारत विरोधी बताया जा रहा है तो आंदोलन स्थल पर विभिन्न प्रकार के ‘‘षडयंत्रों’’ के माध्यम से उन्हें बदनाम करने की भी कोशिश की जा रही है, जो लोकतांत्रिक, संवैधानिक और राजनीतिक मर्यादा के विपरीत है।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा चुनिंदा उद्योगपतियों के दबाव में किसान विरोधी अध्यादेश को वापस लेने के बजाय पूरे देश में किसान विरोधी अभियान चलाने जा रही है, जो सर्वथा अनुचित है। सरकार चौपालों के माध्यम से जनता को गुमराह करना चाहती है, लेकिन प्रदेश की जनता सब-कुछ समझ रही है कि कैसे चंद बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुँचाने के लिए कांट्रैक्ट फार्मिंग के लिए कानून लाया गया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली में आंदोलनरत किसान भीषण ठंड में अपनी जान गंवा रहे हैं और सरकार उनकी मांगों को मानने के बजाय उनके आन्दोलन को बदनाम करने और कुचलने का खेल खेल रही है जो चुनी हुई सरकार के लिए अनैतिक है।’’

भाषा आनन्‍द देवेंद्र

देवेंद्र


लेखक के बारे में